जन विश्वास अभियान के शिविर में जाते समय कलेक्टर सूर्यवंशी ने किया औचक निरीक्षण, स्कूल में किताबों के वितरण से लेकर छात्रवृत्ति और साफ-सफाई तक कई खामियां मिलीं
रीवा। जन विश्वास अभियान के तहत गुढ़ नगर परिषद में आयोजित जन विश्वास शिविर में शामिल होने जा रहे कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने रास्ते में शासकीय हायर सेकण्डरी स्कूल महसांव का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्थाओं से लेकर परिसर की साफ-सफाई और निर्माण कार्यों तक कई कमियां सामने आईं। सबसे गंभीर स्थिति उस समय सामने आई, जब विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के नशे में होने की बात निरीक्षण के दौरान सामने आई और वे कलेक्टर के सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर मौजूद जिला शिक्षा अधिकारी को प्रभारी प्राचार्य की मेडिकल जांच कराने तथा उनके विरुद्ध निलंबन का प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों को अब तक नहीं मिलीं कुछ विषयों की किताबें
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को जानकारी मिली कि विद्यालय में कक्षा 11वीं और 12वीं की जीव विज्ञान तथा कक्षा छठवीं की हिन्दी विषय की पुस्तकों का वितरण अब तक पूरा नहीं हुआ है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित जिम्मेदार शिक्षकों से जवाब-तलब करने के निर्देश दिए।विद्यालय के 9 विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति संबंधी ई-केवाईसी लंबित मिली। कलेक्टर ने छात्रवृत्ति प्रक्रिया में लापरवाही पर संबंधित प्रभारी शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
स्कूल परिसर में जलभराव, 2019 से अधूरा पड़ा शौचालय
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर और पुराने भवन के पीछे जलभराव की स्थिति भी सामने आई। कलेक्टर ने तत्काल पानी की निकासी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। मौके पर मौजूद जनपद पंचायत रीवा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी पूनम दुबे ने बताया कि फिलहाल पानी की निकासी के लिए अस्थायी व्यवस्था कराई गई है। बारिश थमने के बाद पुलिया निर्माण के माध्यम से स्थायी निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई।विद्यालय में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। मुख्य भवन के समीप वर्ष 2019 से निर्माणाधीन शौचालय भवन अधूरा पाया गया। कलेक्टर ने इस मामले में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
फोरलेन से प्रभावित परिवारों को आवासीय पट्टे देने के निर्देश
स्कूल निरीक्षण के बाद कलेक्टर सूर्यवंशी ने ग्राम पतौता और पुरास पहुंचकर ग्रामीणों से जनसंवाद किया। फोरलेन निर्माण के चलते सरकारी भूमि से हटाए गए परिवारों की समस्याओं को सुनते हुए कलेक्टर ने एसडीएम को ग्राम पुरास में पात्र प्रभावित परिवारों को आबादी भूमि में आवासीय पट्टे उपलब्ध कराने की कार्रवाई के निर्देश दिए।
जन विश्वास अभियान के दौरान कलेक्टर और अधिकारियों ने सामान्य बस से सफर करते हुए क्षेत्र की व्यवस्थाओं को नजदीक से देखा। इसी दौरान रास्ते में किया गया महसांव स्कूल का निरीक्षण प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति सामने लाने वाला रहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुधाकर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी पीएल मिश्रा, नायब तहसीलदार विनयमूर्ति शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
