हर-हर महादेव के जयघोष के बीच खुले बाबा केदार के कपाट, आस्था का उमड़ा सैलाब

Spread the love


नई दिल्ली। रुद्रप्रयाग/उत्तराखंड

आज 22 अप्रैल 2026 को केदारनाथ बाबा के कपाट पूरे विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और गगनभेदी “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। ठीक सुबह 8 बजे करीब शुभ मुहूर्त में जैसे ही मंदिर के द्वार खुले, वैसे ही हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा और पूरा धाम भक्तिमय माहौल में डूब गया।

छह माह के शीतकालीन विराम के बाद खुले कपाट के अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया। करीब 51 क्विंटल फूलों से सजे धाम की दिव्यता देखते ही बन रही थी। इस ऐतिहासिक क्षण को और विशेष बनाने के लिए हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे पूरा वातावरण अलौकिक हो उठा। श्रद्धालु “बाबा केदार” के जयकारों के साथ भाव-विभोर नजर आए।

कपाट खुलने से पूर्व परंपरा अनुसार भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दी स्थल से भव्य यात्रा के बाद धाम पहुंची। डोली के पहुंचते ही केदारपुरी में धार्मिक उल्लास चरम पर पहुंच गया था। साधु-संतों, पुजारियों और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में यह यात्रा आस्था का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करती रही।

कपाट खुलने के साथ ही पहली पूजा देश के प्रधानमंत्री के नाम से संपन्न की गई, जो वर्षों से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

प्रशासन ने इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, स्वास्थ्य और यात्रा प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। पंजीकरण व्यवस्था, हेलीकॉप्टर सेवा और ट्रैक मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बाबा केदार के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया है। अब अगले छह महीनों तक देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु भगवान केदारनाथ के दर्शन कर सकेंगे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *