बूंदी में गोवर्धन पूजा के दौरान दर्दनाक हादसा; सुतली बम के साथ स्टील का गिलास बना जानलेवा, पिता दौड़कर पहुंचे तो लहूलुहान पड़ा था बेटा
कोटा/ बूंदी। दीपावली और गोवर्धन पूजा की खुशियों के बीच राजस्थान के बूंदी जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पटाखा चलाते समय हुए दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय साजन कालबेलिया की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में त्योहार की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे साजन घर के पीछे पटाखे चला रहा था। परिवार के अन्य सदस्य गोवर्धन पूजा की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान सुतली बम के साथ रखे स्टील के गिलास में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके में बालक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
धमाके की आवाज सुनकर दौड़े पिता
जोरदार धमाके की आवाज सुनकर साजन के पिता रामलाल कालबेलिया दौड़कर मौके पर पहुंचे। वहां उनका बेटा लहूलुहान हालत में पड़ा था। परिजन उसे तत्काल बूंदी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
साजन तीन भाई-बहनों में मझला था। सुबह तक परिवार के साथ हंस-बोल रहा यह बच्चा कुछ ही घंटों बाद हमेशा के लिए परिवार से दूर हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस के अनुसार घटनास्थल सदर थाना क्षेत्र में आता है। सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की गई।
एक गिलास ने बदल दी पूरी जिंदगी
यह हादसा सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पटाखों के साथ किए जाने वाले खतरनाक प्रयोगों को लेकर गंभीर चेतावनी भी है। पटाखों को गिलास, बोतल या किसी अन्य वस्तु में रखकर चलाना बेहद खतरनाक हो सकता है, क्योंकि विस्फोट के दौरान उसके टुकड़े घातक गति से उछल सकते हैं।
अभिभावक बच्चों को पटाखे चलाते समय अकेला न छोड़ें। पटाखे हमेशा खुले स्थान पर और सुरक्षित दूरी से ही चलाएं। एक छोटी-सी लापरवाही त्योहार की खुशी को जिंदगी भर के दुख में बदल सकती है।
