जयपुर में “श्वान राज”! MLA स्टिकर वाली गाड़ी, एक्सीडेंट और सिस्टम की स्पीड—सब पर सवाल
जयपुर । VIP एरिया खबरों की सुर्खी में जिम्मेदार गायब दोषी श्वान। मामला विधायक हरीश चौधरी की बेटी की कार से जुड़ा है, जो VIP इलाके मे ऐसी टकराई कि कहानी सीधे खबर से निकलकर व्यंग्य बन गई। और व्यंग्य भी ऐसा, जिसमें किरदार कम और सवाल ज़्यादा हैं।

पुलिस ने प्रथम दृष्टया बताया कि हादसा इसलिए हुआ क्योंकि सड़क पर अचानक “श्वान” आ गए। अब ये श्वान भी बड़े अद्भुत निकले—सीधे VIP एरिया में एंट्री, वो भी बिना किसी सिक्योरिटी चेक के! आम आदमी तो बैरिकेड पर ही रुक जाता है, लेकिन ये “चार-पाँच श्वान” सीधे सिस्टम को लांघते हुए गाड़ी के सामने प्रकट हो गए। लगता है जयपुर में अब “VIP पास” सिर्फ इंसानों के पास ही नहीं, जानवरों के पास भी पीछे के रास्ते से आ गए है।
अब आते हैं गाड़ी पर… खबरों के मुताबिक गाड़ी बेटी के नाम है, लेकिन उस पर सजा था “MLA” का स्टिकर—वो भी 2024/25 का।

मतलब गाड़ी फैमिली की, स्टिकर पावर का! अब आम आदमी अगर ऐसा स्टिकर लगा ले तो ट्रैफिक पुलिस इतनी तेजी से सक्रिय होती है कि लगता है जैसे कोई राष्ट्रीय सुरक्षा खतरे में आ गई हो। लेकिन यहां मामला VIP है, तो स्टिकर भी “परिवारिक विरासत” की तरह इस्तेमाल हो रहा है।
पुलिस ने भी कमाल की फुर्ती दिखाई। जांच इतनी तेज कि चाय ठंडी होने से पहले ही फैसला आ गया—“गलती श्वानों की थी।” अब बेचारे श्वान क्या सफाई देंगे? ना प्रेस कॉन्फ्रेंस, ना वकील… सीधे दोषी घोषित! इंसानों की दुनिया में शायद यही सबसे सुरक्षित तरीका है—जब जवाब ना हो, तो जिम्मेदारी किसी ऐसे पर डाल दो जो बोल नहीं सकता।
अब अगला मजेदार मोड़—इंश्योरेंस। गाड़ी नई है, नुकसान भी हुआ है, तो क्लेम तो बनता है। लेकिन क्लेम के लिए FIR चाहिए। अब सवाल ये है कि FIR होगी भी या नहीं? या VIP सिस्टम में कोई “एक्सप्रेस क्लेम सर्विस” भी चलती है, जहां कागज कम और पहचान ज्यादा काम आती है? या फिर दो दिन बाद गाड़ी खुद-ब-खुद “चमचमाती” हुई लौट आएगी, जैसे कुछ हुआ ही ना हो!
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा किरदार अगर कोई है, तो वो है “VIP कल्चर”—जहां नियम किताबों में रहते हैं और फैसले मौके पर बनते हैं। आम आदमी अगर हल्की सी टक्कर मार दे, तो आधा दिन थाने में और आधा दिन बीमा ऑफिस में निकल जाता है। और यहां… कहानी शुरू होते ही खत्म भी हो जाती है।
जयपुर की सड़कों पर ये कोई पहला मामला नहीं है, और शायद आखिरी भी नहीं। फर्क सिर्फ इतना है कि जब आम आदमी फिसलता है तो उसे “लापरवाह” कहा जाता है, और जब VIP गाड़ी टकराती है तो “परिस्थितियां जिम्मेदार” हो जाती हैं—या फिर… श्वान।
आखिर में जनता बस इतना ही पूछ रही है—
सड़क पर कानून चलता है… या गाड़ी पर लगा स्टिकर?

One thought on “VIP एरिया 3 AM….? MLA स्टिकर, कार का एक्सीडेंट, दोषी आवारा कुत्ते?”