पश्चिम बंगाल: सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या

Spread the love

कार रोककर बरसाईं गोलियां, शीशे टूटे, अस्पताल के बाहर भारी भीड़; भाजपा ने बताया टारगेट किलिंग

नई दिल्ली|(मीडिया)पश्चिम बंगाल में एक और राजनीतिक हिंसा ने सियासी माहौल गरमा दिया। उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी और उनके निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और समर्थकों का भारी जमावड़ा अस्पताल से लेकर घटनास्थल तक दिखाई दिया।

बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ कार से जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर बाइक और कार में आए थे। देखते ही देखते ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की बौछार से कार के शीशे टूट गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल रथ को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर फैलते ही समर्थकों का भारी हुजूम अस्पताल के बाहर जमा हो गया। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। हालात बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल और सुरक्षा फोर्स तैनात करनी पड़ी। पूरे इलाके में देर रात तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

भाजपा नेताओं ने इस हत्या को राजनीतिक साजिश बताते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि बंगाल में लगातार राजनीतिक हिंसा बढ़ती जा रही है और नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

सुवेंदु अधिकारी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए इसे “निर्मम और सुनियोजित हत्या” बताया है। उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है।

मध्यमग्राम में हुई इस सनसनीखेज हत्या के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आने वाली राजनीतिक प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है।

सोर्स abp न्यूज:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *