इंस्टाग्राम ग्रुप के जरिए हुई थी आरोपी छात्र से पहचान, अश्लील व निजी संदेशों के विरोध के बाद बढ़ा विवाद; मुख्य आरोपी श्रवण श्रीवास जेल भेजा गया
सतना। कॉलेज छात्रा को कथित रूप से अनुचित संबंध बनाने के लिए लंबे समय तक परेशान करने और विरोध करने पर उसकी पिटाई कराने के मामले में कोलगवां थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी श्रवण श्रीवास उर्फ श्रवण सेन (19) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उसे न्यायिक अभिरक्षा में सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।पुलिस के मुताबिक, मामला शहर के नगर वन क्षेत्र से जुड़ा है, जहां छात्रा को पहले से मौजूद चार लड़कियों ने घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट की पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए संबंधित मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
विरोध के बाद रची गई पिटाई की साजिश
पुलिस जांच में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, छात्रा की पहचान श्रवण से सोशल मीडिया पर बने ‘जीसी ग्रुप’ के माध्यम से हुई थी। इस ग्रुप में शहर के अलग-अलग शिक्षण संस्थानों से जुड़े छात्र-छात्राएं शामिल थे। आरोप है कि संपर्क बढ़ने के बाद श्रवण छात्रा को अश्लील एवं निजी संदेश भेजने लगा। छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो विवाद गहरा गया।आरोप है कि इसके बाद छात्रा पर दबाव बनाने के लिए उसकी पिटाई कराने की योजना बनाई गई। नगर वन में छात्रा को घेरकर मारपीट किए जाने और उसका वीडियो बनाए जाने की घटना इसी विवाद की अगली कड़ी बताई जा रही है।
चार लड़कियों पर भी बढ़ीं धाराएं
पीड़िता के बयान और जांच के आधार पर पुलिस ने मारपीट में शामिल बताई जा रही चार लड़कियों के विरुद्ध भी कार्रवाई का दायरा बढ़ाया है। पुलिस ने उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3) सहित अन्य धाराएं जोड़ी हैं। घटना से जुड़े मोबाइल फोन पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
