डिजिटल डेस्क | विशेष रिपोर्ट
जयपुर: जिस देश में सरकारी नौकरी पाने के लिए युवा अपनी उम्र, ऊर्जा और सपनों की आहुति दे देते हैं, वहीं OMR लीक जैसे अपराध उस पूरी मेहनत को एक झटके में बेकार कर देते हैं। इस खुलासों ने यह साबित कर दिया है कि कैसे कुछ लोगों ने सिस्टम के भीतर बैठकर मेहनत को नहीं, सौदेबाज़ी को मेरिट बना दिया।
जांच में सामने आया है कि जहां कुछ अभ्यर्थियों को वास्तविक रूप से 63 अंक मिले थे, वहां OMR डेटा में छेड़छाड़ कर उन्हें 182 अंक बना दिया गया। इतना ही नहीं, 9 अंक पाने वाले उम्मीदवार को 259 अंकों के साथ चयन सूची में पहुंचा दिया गया। यह किसी तकनीकी त्रुटि का मामला नहीं, बल्कि सुनियोजित अपराध है।
एक अंक के लिए वर्षों की तपस्या, सौ अंकों का खेल मिनटों में
देश का सामान्य छात्र एक-एक अंक बढ़ाने के लिए सालों तक कोचिंग, नोट्स, मॉक टेस्ट और मानसिक दबाव झेलता है। लेकिन जब OMR लीक के जरिए अंकों की हेराफेरी होती है, तो यह सिर्फ कुछ सीटों का नहीं, बल्कि हजारों योग्य छात्रों के अधिकारों का हनन बन जाता है।
इस तरह की गड़बड़ियों से केवल मेरिट लिस्ट प्रभावित नहीं होती, बल्कि परीक्षा प्रणाली पर से युवाओं का भरोसा भी टूटता है।
OMR लीक: गलती नहीं, संगठित अपराध
विशेष जांच एजेंसी (SOG) की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद यह स्पष्ट हो चुका है कि यह मामला लापरवाही का नहीं, बल्कि योजनाबद्ध साजिश का है। OMR स्कैनिंग, डेटा प्रोसेसिंग और रिजल्ट जनरेशन के हर चरण में मिलीभगत के बिना ऐसा संभव नहीं।
सबसे बड़ा सवाल यही है — क्या जांच सिर्फ निचले स्तर तक सीमित रहेगी या फिर उन “बड़े मगरमच्छों” तक पहुंचेगी, जिन्होंने इस पूरे खेल को संरक्षण दिया?
कठोर सजा ही एकमात्र समाधान
शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा अपराध सामान्य आर्थिक अपराध नहीं होता। यह सीधे तौर पर देश के भविष्य पर हमला है। ऐसे मामलों में केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि त्वरित न्याय और कठोरतम सजा आवश्यक है, ताकि यह स्पष्ट संदेश जाए कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के लिए कानून में कोई नरमी नहीं।
दोषियों के खिलाफ आजीवन सरकारी सेवा प्रतिबंध, अवैध नियुक्तियों की तत्काल रद्दीकरण और निष्पक्ष पुनः मूल्यांकन समय की मांग है।
युवा पूछ रहा है, सिस्टम क्या जवाब देगा?
आज प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा युवा पूछ रहा है — यदि मेहनत से अधिक प्रभाव रिश्वत का होगा, यदि चयन ज्ञान से नहीं, सांठगांठ से तय होगा, तो फिर ईमानदारी का मूल्य क्या है?
यह प्रश्न केवल छात्रों का नहीं, बल्कि नीति-निर्माताओं और शासन व्यवस्था के सामने खड़ा आईना है।
OMR लीक ने यह साफ कर दिया है कि परीक्षा प्रणाली में सुधार नहीं किया गया तो देश का सिस्टम आने वाला कैसा होगा । यदि समय रहते सख़्त कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले वर्षों में मेरिट केवल शब्द बनकर रह जाएगी।
अब ज़रूरत है कार्रवाई और कठोर सजा की —
ताकि देश का युवा फिर से यह विश्वास कर सके कि मेहनत आज भी सबसे बड़ा प्रमाण पत्र है।
