नई दिल्ली|(बीबीसी) न्यूज| महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के नवापुर क्षेत्र में फैले H5N1 बर्ड फ्लू संक्रमण ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रभावित इलाकों में बड़े स्तर पर कार्रवाई जारी है। प्रशासन की निगरानी में हजारों संक्रमित और संदिग्ध मुर्गियों को नष्ट किया गया है, जबकि पोल्ट्री फार्मों और बाजारों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
जिला प्रशासन, पशुपालन विभाग और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से लगातार सैंपल जांच, सर्वे और निगरानी अभियान चला रहे हैं। प्रभावित क्षेत्रों के आसपास सैनिटाइजेशन बढ़ा दिया गया है तथा पोल्ट्री कारोबार से जुड़े लोगों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि फिलहाल अनावश्यक रूप से पोल्ट्री बाजारों और संक्रमित क्षेत्रों में जाने से बचें। खुले में बिकने वाले चिकन, अंडे और संदिग्ध पोल्ट्री उत्पादों का सेवन नहीं करने की सलाह दी गई है। जहां तक संभव हो, कुछ समय के लिए शाकाहारी भोजन और हल्के तरल आहार को प्राथमिकता देने की बात कही जा रही है। यदि मांसाहार करना आवश्यक हो तो केवल पूरी तरह पका हुआ भोजन ही सेवन करें।
विशेषज्ञों का कहना है कि बर्ड फ्लू संक्रमित पक्षियों, उनके मल-मूत्र या संपर्क में आई वस्तुओं के जरिए फैल सकता है। ऐसे में मृत पक्षियों को हाथ लगाने से बचें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह जारी की गई है।
यह भी पढ़ें :
प्रशासन ने साफ किया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। लोगों से केवल सरकारी और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है। नए सैंपलों की जांच जारी है ताकि संक्रमण को समय रहते नियंत्रित किया जा सके और किसी बड़े खतरे को टाला जा सके।
सौ.बीबीसी न्यूज हिंदी
