रोझौही न्यूक्लियर प्लांट विरोध को मिलेगा कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व का साथ, 18 नवंबर को ग्रामीणों से मिलेंगे जीतू पटवारी

Spread the love

रीवा। जिले के सिरमौर तहसील अंतर्गत सरई कला-रोझौही में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में जारी जनआंदोलन को लेकर अब प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की सक्रियता बढ़ने जा रही है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी 18 नवंबर 2026 को आंदोलन कर रहे ग्रामीणों से मुलाकात करेंगे।प्रदेश अध्यक्ष के प्रस्तावित दौरे को आंदोलन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लंबे समय से रोझौही और आसपास के गांवों के ग्रामीण प्रस्तावित परमाणु बिजलीघर को लेकर अपनी आपत्तियां और चिंताएं सामने रख रहे हैं। ग्रामीणों की प्रमुख मांग परियोजना को निरस्त करने अथवा अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की है।

ग्रामीणों के बीच पहुंचेंगे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

प्रस्तावित मुलाकात के दौरान जीतू पटवारी आंदोलनरत ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, मांगों और प्रस्तावित परियोजना को लेकर उठाए जा रहे सवालों की जानकारी लेंगे। क्षेत्र में जनसुरक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, जल संसाधन, कृषि और स्थानीय आबादी पर संभावित प्रभाव जैसे मुद्दे आंदोलन के केंद्र में हैं।

पहले भी आंदोलन को समर्थन दे चुकी है कांग्रेस

गौरतलब है कि इससे पहले मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी रोझौही पहुंचकर आंदोलनकारी ग्रामीणों और आदिवासी परिवारों से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने और ग्रामीणों की मांगों का समर्थन करने की बात कही थी।

18 नवंबर के दौरे पर टिकी निगाहें

अब 18 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की प्रस्तावित मुलाकात से आंदोलन को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ने की संभावना है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रदेश नेतृत्व के हस्तक्षेप से उनकी आवाज सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचेगी।फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि ग्रामीणों की आपत्तियों, ग्रामसभा के प्रस्तावों और जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार क्या निर्णय लेती है। रोझौही का जनआंदोलन अब स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर प्रदेश की राजनीति के केंद्र में आता दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *