रेल परियोजनाओं की रफ्तार से रीवा के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई ताकत, भू-अर्जन समय पर पूरा करने के निर्देश

Spread the love

मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की रेल परियोजनाओं की समीक्षा; रीवा-सीधी सीमा तक ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन का निर्माण पूरा, डभौरा के 10 गांवों में भू-अर्जन जारी

रीवा। सड़क और रेल को विकास की रीढ़ बताते हुए मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने प्रदेश की रेल परियोजनाओं से जुड़े भू-अर्जन प्रकरणों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे की सुविधाओं के विस्तार से जिलों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की विभिन्न रेल परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देशित किया कि रेलवे अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर भू-अर्जन की कार्रवाई पूरी करें और निर्माण एजेंसियों को परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि तत्काल उपलब्ध कराएं।उन्होंने कहा कि रेल परियोजनाओं की प्रगति की कम से कम प्रत्येक माह समीक्षा की जाए। निर्माण में आने वाली बाधाओं का समय पर समाधान हो तथा अमृत योजना के तहत निर्माणाधीन रेलवे स्टेशनों के कार्यों की भी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

रीवा-सीधी सीमा तक रेल लाइन का निर्माण पूरा

कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने रीवा जिले की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन में रीवा से सीधी जिले की सीमा तक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।उन्होंने बताया कि डभौरा खंड में रेलवे लाइन के विस्तार के लिए 10 गांवों में भू-अर्जन की प्रक्रिया चल रही है। सभी संबंधित कार्रवाई 15 अक्टूबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। वन भूमि से जुड़े एक प्रकरण को अनुमति के लिए पोर्टल पर दर्ज किया जा चुका है।बैठक में कटनी-बीना, अनूपपुर-कटनी, सिंगरौली-व्यौहारी दोहरीकरण, सतना-प्रयागराज, इटारसी-नागपुर तथा सीधी-सिंगरौली रेलवे परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।

रीवा में रेलवे परियोजनाओं की समीक्षा करते कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *