अजमेर | अजमेर में पीयूष सुराणा प्रकरण ने अब पूरी तरह राजनीतिक रूप ले लिया है ।सोमवार शाम तक घटनाक्रम तेजी से बदलता रहा। शुरुआत उस समय हुई जब कांग्रेस आईटी सेल से जुड़े बताए जा रहे पीयूष सुराणा पर दिल्ली की मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप लगा, जिसके बाद गंज थाना पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।
इस कार्रवाई के तुरंत बाद भाजपा महिला मोर्चा से जुड़ी कार्यकर्ता और पदाधिकारी थाने पहुंच गए, जहां जमकर हंगामा हुआ और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी। इसी दौरान थाने के अंदर ही एक महिला द्वारा पुलिसकर्मियों के सामने सुराणा पर स्याही फेंकने की घटना सामने आई, जिसने पूरे मामले को और भड़का दिया,थाने के जांच कर रहे तीन पुलिस कर्मियों को आननफानन में हटा दिए जाने से पुलिस महकमें में भी अंदरूनी मामला गरमाया और चर्चा बनी हुई ।
घटनाक्रम यहीं नहीं रुका
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा अजमेर जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने इस पूरे प्रकरण को सोशल मीडिया पर री-पोस्ट कर महिलाओं का अपमान किया और माहौल को जानबूझकर भड़काया। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि थाने में स्याही फेंकने वाली महिला को राजनीतिक संरक्षण देने की कोशिश की गई, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हुई।
इन आरोपों के साथ आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट/पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में स्पष्ट मांग रखी गई है कि रमेश सोनी के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और पुलिस पर किसी भी प्रकार का राजनीतिक दबाव समाप्त किया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। दूसरी ओर भाजपा इस मामले को महिला सम्मान से जोड़ते हुए सुराणा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़ी हुई है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम को संवेदनशील मानते हुए स्थिति पर नजर रखी हुई है। हालांकि रमेश सोनी पर लगाए गए आरोप अभी जांच के दायरे में हैं और उनकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है, लेकिन जिस तरह यह मामला सोशल मीडिया से थाने और अब सड़कों तक पहुंच गया है, उसने अजमेर की राजनीति को पूरी तरह गरमा दिया ।
इस मामले में अजमेर की जनता पुलिस पर राजनैतिक दबाव में एक तरफा कार्रवाई बता रही है।
जानकारों का कहना है कि पिछले दरवाजे से मामले को अब दोनों पक्षों के बीच समझौते से निपटाने के प्रयास किए जा रहे हैं ।
