26 दिसंबर से लंबी दूरी की रेल महंगी

Spread the love

लंबी दूरी के यात्रियों पर असर, लोकल और सीजन टिकट सुरक्षित
नई दिल्ली। (Pib)
भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए अहम सूचना जारी करते हुए 26 दिसंबर 2025 से रेल किराया संरचना में आंशिक बदलाव लागू करने की घोषणा की है। रेल मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि बदलाव केवल लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों पर लागू होगा। लोकल, उपनगरीय ट्रेनों और सीजन टिकट यात्रियों को इस बढ़ोतरी से बाहर रखा गया है।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि 215 किलोमीटर तक की यात्रा पर किसी भी श्रेणी में किराया नहीं बढ़ाया गया है। वहीं 215 किमी से अधिक दूरी पर साधारण श्रेणी में 1 पैसा प्रति किलोमीटर और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के AC व Non-AC कोचों में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है।
रेल मंत्रालय के अनुसार यह बदलाव बढ़ती परिचालन लागत, रखरखाव और यात्री सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। हालांकि आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट चार्ज और GST में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
रेलवे ने यात्रियों को राहत देते हुए कहा है कि 25 दिसंबर 2025 तक बुक किए गए टिकट पुराने किराये पर ही मान्य रहेंगे, भले ही यात्रा की तारीख 26 दिसंबर के बाद की हो। नई दरें केवल 26 दिसंबर या उसके बाद बुक होने वाले टिकटों पर ही लागू होंगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले IRCTC और रेलवे के अधिकृत प्लेटफॉर्म पर नई किराया दरों की जानकारी अवश्य जांच लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *