नई दिल्ली। (मीडिया)
ईसाई समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेताओं सौरभ भारद्वाज, संजीव/संजय झा और आदिल अहमद खान के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। यह मामला ईसाई समुदाय के पवित्र और सांस्कृतिक प्रतीक ‘सांता क्लॉज़’ के कथित अपमानजनक चित्रण से जुड़ा हुआ है।
यह FIR 25 दिसंबर 2025 को अधिवक्ता खुशबू जॉर्ज की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई। शिकायत में कहा गया है कि 17 और 18 दिसंबर 2025 को इन नेताओं के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स से साझा किए गए एक वीडियो में सांता क्लॉज़ को मज़ाकिया और अपमानजनक तरीके से दिखाया गया, जिससे ईसाई समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची ।
दरअसल, यह वीडियो दिल्ली के कनॉट प्लेस में आयोजित एक राजनीतिक स्किट का हिस्सा था, जिसमें वायु प्रदूषण के मुद्दे को उठाया गया था। वीडियो में सांता क्लॉज़ के वेश में एक व्यक्ति को प्रदूषण के कारण बेहोश होते और उस पर व्यंग्यात्मक ढंग से नकली CPR करते दिखाया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह प्रस्तुति केवल राजनीतिक व्यंग्य नहीं, बल्कि धार्मिक प्रतीक का अपमान है।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में
सौरभ भारद्वाज,
संजय/संजीव झा,
आदिल अहमद खान
के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने से जुड़ी धाराओं में FIR दर्ज की है।
दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की विधिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो, शिकायत के तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है, और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी ।
यह मामला राजनीतिक व्यंग्य और धार्मिक भावनाओं के टकराव से जुड़ा है, जिस पर अब कानून अपना रास्ता तय करेगा। क्रिसमस के दिन दर्ज इस FIR ने राजनीतिक गलियारों में भी नई बहस छेड़ दी है।
