रीवा के रोझौही में टाटा न्यूक्लियर प्लांट के खिलाफ नौवें दिन भी जारी रहा चिता आंदोलन, अमित भटनागर और दिव्या अहिरवार ने दिया समर्थन

Spread the love

प्रशासन की कथित उदासीनता से ग्रामीणों में नाराजगी, केन-बेतवा आंदोलन से जुड़े जय किसान संगठन के प्रमुख पहुंचे धरना स्थल; आंदोलनकारियों ने संघर्ष तेज करने और अन्न-जल त्यागने की दी चेतावनी

रीवा। जिले के रोझौही क्षेत्र में प्रस्तावित टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में ग्रामीणों और किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। परियोजना के विरोध में जारी चिता आंदोलन 16 नवंबर को नौवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन स्थल पर ग्रामीणों के साथ विभिन्न किसान संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से विरोध प्रदर्शन ने व्यापक रूप ले लिया है। आंदोलनकारियों का आरोप है कि नौ दिन बीत जाने के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से कोई जिम्मेदार अधिकारी उनसे बातचीत करने नहीं पहुंचा है। प्रशासन की कथित उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

केन-बेतवा आंदोलन से जुड़े अमित भटनागर और दिव्या अहिरवार पहुंचे रोझौही

आंदोलन के नौवें दिन पन्ना और छतरपुर क्षेत्र में केन-बेतवा लिंक परियोजना से जुड़े प्रभावित परिवारों और किसान हितों के मुद्दों पर सक्रिय रहे जय किसान संगठन के प्रमुख अमित भटनागर अपनी सहयोगी दिव्या अहिरवार के साथ रोझौही पहुंचे। दोनों ने आंदोलन स्थल पर ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और चिता आंदोलन को समर्थन दिया।इस दौरान अमित भटनागर ने कहा कि यदि प्रशासन का यही रवैया जारी रहा और ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के लिए बातचीत की पहल नहीं की गई, तो वे अपनी पूरी टीम के साथ इस चिता एवं फांसी आंदोलन में सक्रिय रूप से शामिल होंगे।उनके इस समर्थन को आंदोलनकारियों ने महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि रोझौही का मुद्दा अब क्षेत्रीय सीमाओं से बाहर निकलकर व्यापक स्तर पर पहुंच रहा है। दिव्या अहिरवार ने भी आंदोलन स्थल पर ग्रामीणों के बीच अपनी बात रखी।

प्रशासन की अनदेखी से ग्रामीणों में बढ़ रहा आक्रोश

रोझौही में जारी आंदोलन को नौ दिन पूरे हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर उनकी जमीन, जल संसाधन, पर्यावरण, स्वास्थ्य और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़े कई सवाल हैं। इन मुद्दों पर शासन-प्रशासन की ओर से स्पष्ट और संतोषजनक संवाद नहीं किया गया है।आंदोलनकारियों ने कहा कि वे अपनी आशंकाओं का समाधान चाहते हैं और प्रशासन को आंदोलन स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत करनी चाहिए। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों और चिंताओं पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

ड्रिलिंग मशीनों के विरोध से शुरू हुआ विवाद, विमला आदिवासी को किया याद

रोझौही क्षेत्र में प्रस्तावित परियोजना को लेकर ग्रामीणों का विरोध पहले भी सामने आ चुका है। इससे पूर्व टाटा परियोजना से संबंधित सर्वेक्षण और भू-तकनीकी जांच के लिए मैसर्स फुग्रो (Fugro) की ड्रिलिंग मशीनें क्षेत्र में पहुंची थीं। ग्रामीणों ने प्रस्तावित आठ बोरहोल की प्रक्रिया का विरोध किया था और मौके पर काम रुकवाया था।आंदोलन के दौरान ग्रामीणों ने पूर्व में हुए जल सत्याग्रह के दौरान जान गंवाने वाली विमला आदिवासी को भी याद किया। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी मृत्यु और उससे जुड़े घटनाक्रम को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जनभावनाओं और स्थानीय लोगों की चिंताओं को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की।

किसान संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी

चिता आंदोलन के नौवें दिन विभिन्न किसान संगठनों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।इस दौरान किसान संघर्ष समिति के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह संखू, जिला सचिव अनिल मिश्रा, जय किसान संगठन प्रमुख अमित भटनागर, दिव्या अहिरवार, स्थानीय नेता जितेंद्र चौरसिया एवं प्रमोद शर्मा उपस्थित रहे।वहीं सामाजिक एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता शिवानंद द्विवेदी, समाजसेवी आनंद द्विवेदी, द्वारिका प्रसाद पाण्डेय, किसान नेता सुब्रतमणि त्रिपाठी सहित संदीप आदिवासी, संतोष आदिवासी,रोझौही और आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण आंदोलन में शामिल हुए।

अन्न-जल त्यागने की चेतावनी, आंदोलन और व्यापक करने का ऐलान

आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शासन-प्रशासन ने उनकी मांगों पर जल्द संज्ञान नहीं लिया और बातचीत की पहल नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। चिता आंदोलन में शामिल ग्रामीणों ने अन्न-जल त्यागने तक की चेतावनी दी है।ग्रामीणों का कहना है कि वे अपनी पुश्तैनी जमीन, पर्यावरण और गांव के भविष्य से जुड़े सवालों पर किसी तरह का समझौता नहीं करेंगे। अब देखना होगा कि शासन-प्रशासन इस आंदोलन को लेकर कब संवाद की पहल करता है और ग्रामीणों की आशंकाओं का समाधान किस तरह किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *