रीवा। रोझौही में प्रस्तावित टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर जारी विरोध के बीच 18 नवंबर को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के प्रस्तावित दौरे से पहले नया घटनाक्रम सामने आया है। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए टेंट-पंडाल का सामान लेकर गांव पहुंचे वाहन को प्रशासन और कुछ लोगों ने वापस लौटा दिया। घटना के बाद कांग्रेस नेता एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष गिरीश सिंह अमहा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ लोगों की आपत्ति को पूरे गांव का सामूहिक विरोध बताना उचित नहीं है।गिरीश सिंह ने कहा कि किसी भी विकास परियोजना को लेकर गांव में अलग-अलग विचार हो सकते हैं। सभी पक्षों की बात सुने बिना किसी एक पक्ष की राय को पूरे गांव का फैसला नहीं माना जाना चाहिए। यदि किसी को कार्यक्रम से असहमति है तो उसे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए।
ग्रामीणों से संवाद करने पहुंचेंगे जीतू पटवारी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी 18 नवंबर को रीवा पहुंचकर रोझौही के ग्रामीणों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रस्तावित टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट से जुड़े मुद्दों, ग्रामीणों की आशंकाओं और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा प्रस्तावित है।गिरीश सिंह अमहा ने कहा कि जीतू पटवारी का दौरा ग्रामीणों की समस्याएं सुनने और उनकी बात समझने के उद्देश्य से है। लोकतंत्र में राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच जाकर संवाद करने का अधिकार है।
रोझौही में जनचौपाल के जरिए ग्रामीणों से जुड़ रही कांग्रेस
जनचौपाल में जमीन, जलस्रोत, पर्यावरण, स्वास्थ्य सुरक्षा, खेती और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई थी। ग्रामीणों ने परियोजना से संबंधित पारदर्शी जानकारी और निर्णय प्रक्रिया में स्थानीय लोगों की भागीदारी को लेकर सवाल उठाए थे।इस दौरान गिरीश सिंह अमहा ने कहा था कि विकास से जुड़ी किसी भी योजना में स्थानीय आबादी के हितों और सुरक्षा को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। परियोजना से संबंधित निर्णय केवल सरकारी दफ्तरों और राजनीतिक मंचों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि प्रभावित क्षेत्र के लोगों की राय भी सुनी जानी चाहिए।
ग्रामीणों के सवाल प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाने की तैयारी
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि रोझौही का आंदोलन अब केवल धरना स्थल तक सीमित नहीं है। आसपास के गांवों में भी जनसंवाद और जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। जनचौपाल में ग्रामसभा की भूमिका, स्थानीय लोगों की भागीदारी, पर्यावरणीय मूल्यांकन और जनसुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा की गई थी।गिरीश सिंह अमहा ने ग्रामीणों के सवालों को पार्टी संगठन और प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाने की बात कही थी। उनका कहना था कि प्रभावित क्षेत्र के लोगों की समस्याओं और आशंकाओं को उचित मंच पर उठाया जाएगा।
गोदरी, सरई, दादर और पनगड़ी के ग्रामीण भी हुए शामिल
जनचौपाल में गोदरी से हनुमान पटेल, राजबहोर पटेल सहित सरई, दादर और पनगड़ी के स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए थे। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लालगांव अध्यक्ष वीरेंद्र पटेल, किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री अनुराग सिंह, अमहा सरपंच एवं जनपद गंगेव सरपंच संघ अध्यक्ष मृगेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य मृत्युंजय मिश्रा, बसेड़ा सरपंच केपी सिंह और लालगांव मंडलम अध्यक्ष बीपी सिंह सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
18 नवंबर के दौरे पर टिकी निगाहें
रोझौही में प्रस्तावित परमाणु परियोजना को लेकर जारी जनआंदोलन के बीच जीतू पटवारी का दौरा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टेंट-पंडाल का वाहन लौटाए जाने की घटना के बाद गांव में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब 18 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम में ग्रामीणों की भागीदारी और परियोजना को लेकर सामने आने वाले सवालों पर सबकी निगाहें रहेंगी।
