जयपुर, 8 अगस्त। नगर निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव प्रक्रिया के सुचारू और निष्पक्ष संचालन के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी (म्यूनिसिपल) संदेश नायक की अध्यक्षता में विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यों और तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी प्रकोष्ठ आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में मतदाता सूचियों के अद्यतन एवं पुनरीक्षण, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, मतदान दलों के गठन एवं प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री, ईवीएम, कानून-व्यवस्था, परिवहन और कार्मिक व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई। इसके अलावा मतदाता जागरूकता, सूचना प्रौद्योगिकी, नियंत्रण कक्ष और निर्वाचन संबंधी अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि नगर निकाय आम चुनाव-2026 के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न चुनावी कार्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियों में बांटते हुए 27 प्रकोष्ठों का गठन किया गया है। सभी प्रकोष्ठों को अपनी कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय में कार्य पूरा करने तथा निर्वाचन संबंधी सूचनाओं और रिपोर्टों का नियमित संधारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीना, अतिरिक्त जिला कलक्टर पूर्व नरेन्द्र वर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर दक्षिण युगांतर शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर उत्तर राजेंद्र सिंह सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।
