जयपुर । मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय में रत्न-आभूषण, वस्त्र, चमड़ा एवं हस्तशिल्प उद्योग से जुड़े उद्यमियों और व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

उद्योग और व्यापार से ही मजबूत होगी राजस्थान की अर्थव्यवस्था – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापार एवं उद्योग जगत राजस्थान की अर्थव्यवस्था का प्रमुख स्तंभ है। प्रदेश के रत्न-आभूषण, वस्त्र, हस्तशिल्प और चमड़े का सामान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशेष पहचान रखते हैं।
अमेरिका के टैरिफ से उद्योग प्रभावित, चुनौती को अवसर बनाएं ।
उन्होंने बताया कि हाल ही में अमेरिका ने भारतीय निर्यात पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया है। इसका असर राजस्थान के व्यापार और उद्योग पर भी पड़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चुनौती को अवसर में बदलने के लिए उद्यमियों को आगे बढ़कर कार्य करना होगा।
सरकार देगी हर संभव सहयोग :
बैठक में उद्योगपतियों और व्यापारियों ने अपने सुझाव रखे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उद्योग एवं व्यापार को बढ़ावा देने और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
