नई दिल्ली/ (मीडिया) जम्मू में एक शादी समारोह में रात अचानक उस समय सनसनी फैल गई जब जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता को गोली मारने की कोशिश की गई। घटना 11 मार्च 2026 की रात की है, जब वे जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में एक निजी विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह से बाहर निकलते समय एक व्यक्ति अचानक उनके करीब पहुंचा और पिस्तौल से हमला करने की कोशिश की। सुरक्षा कर्मियों की त्वरित प्रतिक्रिया ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया और हमलावर को मौके पर ही काबू कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी जम्मू का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने दावा किया कि वह कई वर्षों से फारूख अब्दुल्ला से व्यक्तिगत नाराजगी रखता था और इसी कारण उसने यह हमला करने की कोशिश की। घटना के तुरंत बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद मीडिया से बातचीत में अब्दुल्ला ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा कि यह शादी समारोह में चल रहे पटाखों की आवाज है, लेकिन बाद में पता चला कि यह गोली चलने की आवाज थी। और हमलावर ने मुझे मारने के लिए गोली चलाई जो पास से गुजर गई । उन्होंने कहा कि “भगवान की कृपा से मैं सुरक्षित हूं।” लेकिन वर्तमान देश के हालात ऐसे हैं कि आप कितनी भी सुरक्षा घेरे में रहें हमलावरों के हौंसले इतने कैसे बढ़ रहे यह सवाल सभी के लिए एक गंभीर समय की ओर इशारा है ।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह घटना केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक माहौल पर भी सवाल खड़े करती है। जम्मू-कश्मीर की संवेदनशील राजनीतिक परिस्थितियों में इस तरह की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। विभिन्न राजनीतिक दलों ने हमले की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल हमलावर पुलिस हिरासत में है और जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमला केवल व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम था या इसके पीछे कोई और गहरी साजिश छिपी है। इस बीच फारूख अब्दुला सुरक्षित हैं ।
