पुरी (ओडिशा)। आज पुरी स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भगवान जगन्नाथ जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
मंदिर प्रांगण में प्रवेश करते ही पुजारियों ने दोनों नेताओं का पारंपरिक विधि-विधान से स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ओम बिड़ला और धर्मेंद्र प्रधान ने भगवान के चरणों में मत्था टेका और देशवासियों की सुख-समृद्धि तथा कल्याण की कामना की।
दर्शन के बाद दोनों नेता कुछ देर तक मंदिर परिसर में रुके और श्रद्धालुओं से भी संवाद किया। इस दौरान स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
पुरी का श्री जगन्नाथ मंदिर हिंदुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हर साल दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नेताओं के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
