दिल्ली धमाके पर केंद्रीय मंत्री का बड़ा खुलासा: पाकिस्तान का हाथ, नहीं बचेंगे दोषी

Spread the love

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू बोले जारी रहेगा “ऑपरेशन सिंदूर , दोषियों को सज़ा मिलकर रहेगी”

पीएम मोदी ने घायलों से मुलाकात की, जांच एजेंसियों ने कई संदिग्धों को किया गिरफ्तार

नईदिल्ली 12 नवंबर (एजेंसी) दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण विस्फोट ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस धमाके में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से ज़्यादा लोग घायल हैं। इस बीच, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि “इस विस्फोट के पीछे पाकिस्तान का हाथ है” और ऑपरेशन सिंदूर तब तक जारी रहेगा जब तक दोषियों को सज़ा नहीं मिल जाती।

बिट्टू ने कहा कि “जब देश के गृह मंत्री अमित शाह हैं, तब किसी को चिंता करने की ज़रूरत नहीं है। इस हमले में शामिल हर व्यक्ति को ढूंढकर सख्त सज़ा दी जाएगी। हाल ही में सीमावर्ती इलाकों से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद हुए हैं। पाकिस्तान को इसकी कीमत चुकानी होगी।”

घटना सोमवार शाम उस समय हुई जब एक कार लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी हुई थी। अचानक कार में शक्तिशाली विस्फोट हुआ, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। दिल्ली पुलिस ने UAPA और Explosives Act के तहत मामला दर्ज किया है और राष्ट्रीय राजधानी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

जांच में सामने आया कि इस धमाके के पीछे जैश-ए-मोहम्मद और अंसार ग़ज़वत-उल-हिंद से जुड़े सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल का हाथ हो सकता है। पुलिस ने डॉ. मुज़म्मिल और उनके दो साथियों समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, फरीदाबाद के अल-फ़लाह विश्वविद्यालय के तीन डॉक्टरों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

इससे पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद में दो घरों से करीब 3,000 किलो विस्फोटक बरामद किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूटान यात्रा से लौटने के बाद लोक नायक अस्पताल में घायलों से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और आज शाम सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की बैठक बुलाई गई है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *