कोलकाता से ‘विकसित बंगाल’ का संदेश: ₹18 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण

Spread the love


ननई दिल्ली/ (एजेंसी )कोलकाता । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सड़क, रेलवे और पोर्ट से जुड़ी लगभग 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से पश्चिम बंगाल और पूरे पूर्वी भारत में विकास की नई गति आएगी तथा व्यापार, उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कोलकाता की धरती से पश्चिम बंगाल के आधुनिक भविष्य का नया अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि खड़गपुर–मोरेग्राम एक्सप्रेसवे, दुबराजपुर बाईपास तथा कांग्सावती और शीलावती नदियों पर बनने वाले पुलों से राज्य के विभिन्न हिस्सों में कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार देशभर में रेलवे के आधुनिकीकरण का व्यापक अभियान चला रही है और पश्चिम बंगाल को भी इससे जोड़ा जा रहा है। इसी क्रम में कलाईकुंडा और कानिमहुली सेक्शन में ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली राष्ट्र को समर्पित की गई, जिससे व्यस्त रेल मार्गों की क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों को सुरक्षित व तेज यात्रा का लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर छह रेलवे स्टेशनों—कामाख्या गुड़ी, अनारा, तमलुक, हल्दिया, बराभूम और सिउड़ी—का अमृत स्टेशन योजना के तहत उद्घाटन किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन स्टेशनों के पुनर्विकास में बंगाल की समृद्ध संस्कृति और विरासत की झलक दिखाई देगी। इसके साथ ही पुरुलिया और आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई गई, जिससे पश्चिम बंगाल के साथ झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पोर्ट और जल परिवहन के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोलकाता और हल्दिया बंदरगाह लंबे समय से पूर्वी भारत के व्यापारिक केंद्र रहे हैं। हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स के मशीनीकरण तथा कोलकाता डॉक सिस्टम के बास्कुल ब्रिज के नवीनीकरण से कार्गो संचालन तेज होगा और बंदरगाहों की क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही खिदिरपुर डॉक में कार्गो हैंडलिंग क्षमता बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और पोर्ट से जुड़ी ये परियोजनाएं पश्चिम बंगाल के किसानों, व्यापारियों, उद्यमियों और छात्रों के लिए नए अवसर पैदा करेंगी। पर्यटन और स्थानीय उद्योगों को भी इससे नई ऊर्जा मिलेगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मजबूत कनेक्टिविटी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के आधार पर पश्चिम बंगाल फिर से देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएगा और ‘विकसित बंगाल’ के लक्ष्य को हासिल करेगा। कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकारी कार्यक्रम के बाद वह जनता के बीच जाकर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *