मोदी की CCS मीटिंग से पहले ही पाकिस्तान के हुक्मरानों के छूटने लगे पसीने

Spread the love

Modi की CCS Meeting से पहले पाकिस्तान हुआ चौकन्ना, भारत की संभावित कार्रवाई से पाक सेना-सरकार डरी

नई दिल्ली। (एजेंसी) दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर हुए कार विस्फोट ने भारत ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान तक हलचल मचा दी है। भारतीय जांच एजेंसियों द्वारा प्रारंभिक जांच में जैश-ए-मोहम्मद (JeM) की भूमिका के संकेत मिलने के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान ने अपनी वायुसेना को “इमीडिएट टेकऑफ” के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं, सभी एयरबेस पर एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए हैं और 11 से 12 नवम्बर तक सीमावर्ती क्षेत्रों में NOTAM (Notice to Airmen) लागू किया गया है।

भारत की सर्जिकल स्ट्राइक की याद से कांप उठा पाकिस्तान

पाकिस्तान की इस घबराहट की जड़ भारत की पिछली निर्णायक कार्रवाइयों — सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर — में छिपी है। इन सभी ने यह संदेश दिया कि अब भारत “धैर्यवान प्रतिक्रिया” से आगे बढ़कर “सटीक प्रतिशोध” की नीति अपना चुका है। यही कारण है कि इस बार इस्लामाबाद को अंदेशा है कि भारत किसी भी वक्त निर्णायक कदम उठा सकता है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियां जानती हैं कि अगर दिल्ली विस्फोट का तार उनके यहाँ के आतंकी नेटवर्क से जुड़ा पाया गया, तो भारत केवल कूटनीतिक विरोध तक सीमित नहीं रहेगा।

पाक मीडिया ने अपनाया रक्षात्मक रुख

दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान के प्रमुख मीडिया संस्थान जैसे Dawn, Geo News और The Express Tribune ने इस विस्फोट को “मिस्टेरियस ब्लास्ट” या “कार एक्सप्लोजन” बताया, ताकि किसी भी तरह का आतंकवादी संबंध न दिखे। यह रवैया पाकिस्तान की रक्षात्मक मनोवृत्ति को उजागर करता है — जहाँ मीडिया “मिस्ट्री” और “अंडर इन्वेस्टिगेशन” जैसे शब्दों की आड़ लेकर जिम्मेदारी से पाकिस्तान को बचाता दिखा।

भारत की शांति ,निर्णायक रणनीति

भारत ने इस हमले के बाद किसी भावनात्मक प्रतिक्रिया की जगह संयमित परंतु रणनीतिक मौन अपनाया है। यह वही नीति है जिसने 2019 में पाकिस्तान को वैश्विक मंच पर अलग-थलग किया था। अब जब पाकिस्तान अपनी वायुसेना को अलर्ट पर रख रहा है, तो यह स्पष्ट है कि इस्लामाबाद भारत की संभावित कार्रवाई को लेकर भयभीत है।

नई आतंक रणनीति का खुलासा

जांच एजेंसियों के अनुसार, इस बार आतंकी नेटवर्क ने पढ़े-लिखे प्रोफेशनल्स, खासकर डॉक्टरों को वैचारिक रूप से उग्र बनाकर अपने नेटवर्क में शामिल किया है। यह “प्रशिक्षित आतंक” का नया मॉडल है, जिसमें पाकिस्तान-आधारित संगठनों की भूमिका लगभग तय मानी जा रही है।

पाकिस्तान की मनोवैज्ञानिक पराजय

आज जब पाकिस्तान अपनी सेना और सरकार की लगातार बैठकों के बीच भयभीत है, तब यह उसकी मनोवैज्ञानिक हार का संकेत बन चुका है। भारत अब वैश्विक मंच पर जिम्मेदार शक्ति के रूप में देखा जा रहा है, जबकि पाकिस्तान की छवि आतंक-प्रेरित देश की है। आने वाले दिनों में यही भय दक्षिण एशिया के सुरक्षा परिदृश्य को स्थायी रूप से बदल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *