जयपुर। देशभर में प्रस्तावित यूजीसी एक्ट को लेकर बढ़ते विरोध के बीच सवर्ण समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने 8 मार्च को दिल्ली में बड़ा विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी शुरू कर दी है। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने भी इस आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की घोषणा करते हुए समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की है।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप श्रीवास्तव के आह्वान पर 8 मार्च को दोपहर 12 बजे ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस आंदोलन का उद्देश्य प्रस्तावित यूजीसी एक्ट को सवर्ण समाज के लिए हानिकारक बताते हुए उसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना है।
महासभा के राष्ट्रीय सचिव संगठन एवं विकास समन्वयक (राजस्थान) ललित सक्सेना ने बताया कि यह आंदोलन केवल किसी एक समाज का नहीं बल्कि पूरे सर्व समाज का मुद्दा है। उनका कहना है कि प्रस्तावित कानून से आने वाली पीढ़ियों के अधिकारों और अवसरों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए देशभर के जागरूक नागरिकों को इस विषय पर एकजुट होकर अपनी बात सरकार तक पहुंचानी होगी।
ललित सक्सेना ने कहा कि राजस्थान सहित पूरे देश से कायस्थ समाज के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर इस विरोध में शामिल होंगे। उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपील की है कि वे अपने अधिकारों और भविष्य की पीढ़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए 8 मार्च को दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में भाग लें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज ही सबसे बड़ी ताकत होती है। यदि समाज एकजुट होकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखता है, तो सरकार को भी जनता की मांगों पर विचार करना पड़ता है।
कायस्थ महासभा और अन्य सामाजिक संगठनों का मानना है कि यह विरोध प्रदर्शन केवल एक कानून का विरोध नहीं बल्कि आने वाले समय में समान अवसर और न्याय की मांग का प्रतीक होगा। इसलिए पूरे देश से लोगों से अपील की जा रही है कि वे बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर इस आंदोलन को मजबूत बनाएं और अपनी आवाज बुलंद करें।

4 thoughts on “यूजीसी एक्ट के विरोध में 8 मार्च को ‘दिल्ली चलो’ का आह्वान, सवर्ण समाज से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील”