अजमेर। अजमेर वार्ड 29 के अजय नगर क्षेत्र में लंबे समय से बने पेयजल संकट ने अब जनआक्रोश का रूप ले लिया है। बुधवार को स्थानीय निवासियों ने पूर्व पार्षद मोहन लालवानी के नेतृत्व में जलदाय विभाग के केसरगंज कार्यालय पर प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई और कनिष्ठ अभियंता शाहीन बानो को ज्ञापन सौंपा।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जलापूर्ति बेहद अनियमित है और पानी का दबाव इतना कम रहता है कि वह घरों के किचन तक नहीं पहुंच पाता। कई बार 48 से 72 घंटे के अंतराल में पानी की सप्लाई होती है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
समस्या को और गंभीर बनाते हुए क्षेत्र में जगह-जगह पाइपलाइन लीकेज के कारण हजारों लीटर साफ पानी नालियों में बह रहा है, जिससे गंदगी और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
ज्ञापन में जलापूर्ति के समय और दबाव में सुधार, जर्जर पाइपलाइनों की मरम्मत और पानी की सप्लाई का निश्चित समय तय करने की मांग की गई है।
इसे भी पढ़ें:
पूर्व पार्षद मोहन लालवानी ने बिजली कटौती को भी जल संकट का बड़ा कारण बताते हुए कहा कि टाटा पावर और जलदाय विभाग के बीच समन्वय की कमी से पंपिंग प्रभावित हो रही है। उन्होंने निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
कनिष्ठ अभियंता शाहीन बानो ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि तकनीकी खामियों की जांच कर जल्द ही सुधार कार्य शुरू किया जाएगा तथा अमृत योजना के तहत नई पाइपलाइन का कार्य टेंडर जारी होते ही शुरू किया जाएगा।
