नई दिल्ली/गाजियाबाद, 29 अप्रैल (बुधवार): दिल्ली
में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आवासीय टावर में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं, क्योंकि परिसर से धुएं के घने गुबार उठते हुए दूर-दूर तक दिखाई दे रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग एक ऊपरी मंजिल के फ्लैट से शुरू हुई और देखते ही देखते कई मंजिलों तक फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के फ्लैट भी इसकी चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग ने कुछ ही समय में 6 से अधिक मंजिलों को आग को चपेट में ले लिया , जिससे पूरे टावर में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के समय बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने फ्लैट में मौजूद थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोगों को तत्काल बाहर निकाला गया। कई परिवारों ने घबराहट में सीढ़ियों और बालकनी के रास्ते सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान दमकलकर्मियों ने ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया।
मौके पर पहुंचे दमकल विभाग ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि आग बुझाने के अभियान में एक दर्जन से अधिक दमकलों ने आग पर काबू पाया । समय रहते की गई कार्रवाई के कारण बड़ी जनहानि टल गई, हालांकि कई फ्लैट पूरी तरह जलकर खाक हो गए और करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
घटना के दौरान प्रसिद्ध पत्रकार अजीत अंजुम ने भी मौके से वीडियो साझा कर आग की भयावहता को उजागर किया। उनके अनुसार आग तेजी से फैल रही थी और दूसरे टावर तक पहुंचने का खतरा बन गया था।
फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, हालांकि प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां अब स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
