नई दिल्ली 24 जुलाई ,2026| केंद्र सरकार की कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और महत्वपूर्ण संस्थानों में सचिव स्तर पर नियुक्तियों और फेरबदल को मंजूरी दी है। कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के मुताबिक कातिकिथला श्रीनिवास, IAS (GJ:89) को आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव पद से हटाकर पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं विनीत जोशी, IAS (MN:92) को 31 जुलाई 2026 को वी. विवेक भारद्वाज के सेवानिवृत्त होने के बाद पंचायती राज मंत्रालय का सचिव बनाया जाएगा। उनके स्थान पर नरेश पाल गंगवार, IAS (RJ:94) को उच्च शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में पीयूष गोयल, IAS (NL:94) को खान मंत्रालय के सचिव पद से राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) का महासचिव नियुक्त किया गया है। टी.के. अनिल कुमार, IAS (KN:95) को स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि सुशील कुमार लोहानी, IAS (OR:95) को पशुपालन एवं डेयरी विभाग में सचिव स्तर की जिम्मेदारी दी गई है।
ACC ने अर्चना वर्मा, IAS (AM:95) को राष्ट्रीय जल मिशन में सचिव स्तर पर जिम्मेदारी देने के साथ आगे चलकर गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग में सचिव पद की जिम्मेदारी संभालने का निर्णय किया है। केशव चंद्र, IAS (AGMUT:95) को खान मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा डी. थारा, IAS (GJ:95) को आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के पूंजी विकास विभाग का सचिव, बी. राजेंद्र, IAS (BH:95) को लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी का सचिव स्तर पर निदेशक, चंद्र भूषण कुमार, IAS (AGMUT:95) को श्रम एवं रोजगार मंत्रालय का सचिव तथा सतेन्द्र सिंह, IAS (JH:95) को शहरी विकास विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। सुचिंद्र मिश्रा, IDAS:92 को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का सचिव बनाया गया है।
चार अधिकारियों को सचिव स्तर पर इन-सिटू पदोन्नति
ACC ने चार अधिकारियों को उनके वर्तमान पद पर ही सचिव स्तर के रैंक और वेतनमान में इन-सिटू (in-situ) पदोन्नति देने को भी मंजूरी दी है। इनमें मृत्युंजय कुमार नारायण को भारत के रजिस्ट्रार जनरल एवं जनगणना आयुक्त, संतोष कुमार यादव को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अध्यक्ष, राजीव सिंह ठाकुर को नीति आयोग के सलाहकार और दिलीप कुमार को कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के महानिदेशक (प्रशिक्षण) के पद पर सचिव स्तर का दर्जा शामिल है।
यह फेरबदल केंद्र सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण मंत्रालयों और संस्थानों में प्रशासनिक नेतृत्व को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
