ब्रेकिंग न्यूज़: अजमेर नगर निगम चुनाव 2026
अजमेर। अजमेर नगर निगम की सियासत में आज वह भूचाल आ गया जिसका अंदेशा पुराने मठाधीशों को सपने में भी नहीं था। वार्ड 4 से चले अचूक तीर ने दशकों से सत्ता और जोड़-तोड़ की मलाई चाट रहे पुराने दिग्गजों के सियासी साम्राज्य की चूलें हिला दी हैं। बंद कमरों में हुक्के की गुड़गुड़ाहट के बीच फैसले सुनाने वाली तथाकथित ‘पंचायतों’ की चौधराहट अब आखिरी सांसें गिन रही है।
जनता के मूड ने साफ कर दिया है कि अजमेर अब विरासत की जागीर नहीं, बल्कि जनता के हक और तेवर की जमीन है।
खाक में मिला सियासी रसूख, दरबारी ,हुजूरियों में हड़कंप
अजमेर के वार्ड 4 में माननीय के खेले दांव ने उन पुराने चेहरों के होश उड़ा दिए हैं जो खुद को अजमेर की राजनीति का स्वयंभू चाणक्य समझते थे। माननीय ने सीधे तौर पर यह संदेश दे दिया है कि सालों से वार्ड और शहर को अपनी बपौती समझने वालों का बोरिया-बिस्तर बंधने का वक्त आ चुका है।
जमीन खिसकती देख सबसे बुरा हाल उन ‘दरबारी पत्तलकारों, हुजूरियों का है, जो दशकों से इन सियासी आकाओं की चौखट पर बैठकर चाटुकारिता की रोटियां सेंक रहे थे। आकाओं के इशारे पर माहौल बनाने और प्रायोजित चाशनी परोसने वाला यह गिरोह अब समझ नहीं पा रहा कि इस तीर का मुकाबला किस कलम और किस जुगाड़ से करे। सियासी गलियारों तक सिर्फ सन्नाटा और खलबली नजर आ रही है।
चौधराहट का अंत, माननीय ने लिखा नया जनादेश
- बंद कमरों की राजनीति पर ताला: दशकों से जो पुराने नेता समाज और वार्ड के नाम पर पंचायतों का दम भरकर वोट बैंक की सौदेबाजी करते थे, वार्ड 4 से माननीय ने उनकी फर्जी चौधराहट को आईना दिखा दिया है।
- दलालों और ठेकेदारों की विदाई: निगम की फाइलों और टेंडरों पर कुंडली मारकर बैठे पुराने सिंडिकेट का तिलिस्म टूट चुका है।
- हवा-हवाई वादों पर भारी माननीय: पुराने दिग्गजों के अहंकार को एक ही झटके में धराशायी करते हुए उन्होंने साबित कर दिया है कि अब अजमेर में टिकेगा वही जो जमीन पर काम करेगा।
अजमेर की नगर निगम सियासत से आज एक युग का अंत हो रहा है। पुराने चेहरों की लाचारी और उनके दरबारियों की छटपटाहट इस बात की गवाह है कि वार्ड 4 से निकली यह चिंगारी अब पूरे शहर के पुराने सियासी ढांचों को भस्म करने निकल पड़ी है। माननीय का यह दांव कितना सफल होगा यह 14 सितंबर को सामने होगा लेकिन इस बार पंचायत में पुराने दिग्गजों का सफाया भी स्पष्ट देखने को मिल सकता है ।
