शव-ढाल वाले नेताओं को करारा झटका: सड़क पर लाश रखकर सरकार झुकाने की राजनीति बैन

Spread the love

राजस्थान में ‘शव राजनीति’ पर रोक: सत्ता की सियासत का नया मोड़

जयपुर: राजस्थान सरकार द्वारा शव को सियासत का औजार बनाकर सड़क पर रखकर आंदोलन करने पर लगाम लगाने का फैसला उन नेताओं की राजनीति पर सीधा कटाक्ष माना जा रहा है, जिन्होंने वर्षों तक “शव राजनीति” को जनदबाव का हथियार बनाकर सरकारों को घुटनों पर लाने की आदत डाल रखी थी। कानून के लागू होने के बाद अब सवाल उठ रहा है कि ऐसे नेताओं की आने-वाली “राजनीतिक शवयात्राओं” का भविष्य क्या होगा, और अब वे किस नए “औजार” या “नई पेंट्री” को अपनाकर अपने राजनीतिक संघर्ष को दिशा देंगे।

कानून और सरकार का इशारा

सरकार ने साफ संदेश दिया है कि मृत शरीर को सड़क पर रखकर प्रदर्शन, मुआवजे के लिए दबाव, और भीड़ जुटाकर शासन को बाध्य करने वाली राजनीति अब बर्दाश्त नहीं होगी। यह कदम सरकार की तरफ से उस पुरानी व्यवस्था की समाप्ति का संकेत है जिसमें शव को राजनीति का माध्यम बनाया जाता था। अब अंतिम संस्कार 24 घंटे में करना अनिवार्य होगा और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कितना सही, कितना गलत?

सरकार का यह निर्णय कितना सही है, कितना गलत—इस पर फैसला जनता के हाथ में है। लेकिन यह स्पष्ट है कि सरकार ने उन राजनीतिक चालों पर प्रहार किया है जिनके माध्यम से कुछ लोग जनभावनाओं को भड़काकर शासन के फैसलों को प्रभावित करते थे। यह फैसला राजनीतिक दबाव की उस शैली को निशाने पर लेता है जिसे कई बार “भावनात्मक ब्लैकमेल” की श्रेणी में रखा गया।

राजनीति में चरित्र परिवर्तन

इस निर्णय को कई विश्लेषक राजनीति में “शुद्धिकरण की ओर बढ़ता कदम” बता रहे हैं। उनका मानना है कि इससे उन जनप्रतिनिधियों को वास्तविक सम्मान मिलेगा जो बिना किसी शोर-शराबे, भीड़-भाड़ और सड़क जाम किए—सभी धर्मों और जातियों के हित में, प्रक्रियाओं और संवैधानिक रास्तों से जनता की आवाज उठाते हैं।

राजनीति की दिशा में बदलाव

सरकार का यह कदम भारतीय राजनीति में व्यवहारिक बदलाव की दिशा में भी देखा जा रहा है। क्योंकि जब सड़क पर शव रखने का दौर थमेगा, तो राजनीति मुद्दों, नीतियों और वास्तविक समस्याओं के इर्द-गिर्द घूमने लगेगी। ऐसे में वे नेता जो सिर्फ भीड़ और विवादों के सहारे खड़े थे, उन्हें अब नए रास्ते खोजने होंगे, जबकि वास्तविक सार्वजनिक जीवन वाले जनप्रतिनिधियों की भूमिका और मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *