अजमेर। अजमेर रेलवे स्टेशन के यार्ड में खड़े कोचों से रेलवे के तांबे के तार चोरी किए जाने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) अजमेर ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। RPF के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई रेलवे संपत्ति भी बरामद कर नियमानुसार जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान शाहरुख खान को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी सत्यनारायण उर्फ बादल उर्फ गोगी मौके से फरार हो गया था। बाद में RPF ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर रेलवे के चोरी किए गए तांबे के तार खरीदने वाले कबाड़ी निजाम की ईदगाह चौक, वैशाली स्थित दुकान/बाड़े से रेलवे संपत्ति बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई। बरामद सामग्री को नियमानुसार जब्त कर आगे की कार्रवाई की गई।
RPF के अनुसार कार्रवाई के दौरान आरोपियों के परिवारजनों तथा आसपास मौजूद कुछ महिलाओं एवं अन्य लोगों ने विरोध किया। मौके पर मौजूद कृष्णगंज थाना पुलिस ने समझाइश कर स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
रेलवे संपत्ति की चोरी को लेकर RPF की यह कार्रवाई सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। रेलवे की संपत्ति सार्वजनिक संपत्ति है और उसकी चोरी से रेलवे परिचालन तथा सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। मामले में आगे की जांच जारी है।
