राजस्थान में 69 भारतीय वन सेवा अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन, तत्काल प्रभाव से आदेश जारी

Spread the love


जयपुर, 10 अगस्त 2026। राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग ने भारतीय वन सेवा (IFS) के 69 अधिकारियों के स्थानांतरण एवं पदस्थापन के आदेश जारी किए हैं। आदेश में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
आदेश के अनुसार प्रधान मुख्य वन संरक्षक (हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स), राजस्थान के पद पर कार्यरत श्री अरिजीत बनर्जी (1991 बैच) को इसी पद पर बरकरार रखा गया है। वहीं श्री अनुराग भारद्वाज (1993 बैच) को प्रधान मुख्य वन संरक्षक, आईटी, राजस्थान, जयपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
डॉ. वेंकटेश शर्मा (1994) को अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक, कार्य आयोजना एवं वन बंदोबस्त, जयपुर बनाया गया है। श्री उदय शंकर (1996) को अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक, संरक्षण एवं प्रवर्धन एवं मूल्यांकन, जयपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
श्री राजेश कुमार गुप्ता (1997) को अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक, एनटीएफपी एवं उत्पादन, जयपुर तथा श्री विजय एन. (2003) को मुख्य वन संरक्षक, संस्थापन, जयपुर बनाया गया है।
आदेश में श्रीमती शैला देवला (2004) को शासन सचिव, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग एवं पदेन सदस्य सचिव, SEIAA, राजस्थान, जयपुर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं श्री अनूप के. आर. (2005) को मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव एवं ईको-टूरिज्म, जयपुर बनाया गया है।
अजमेर सहित कई जिलों में बदलाव
तबादला सूची में अजमेर भी शामिल है। श्री महेश चन्द्र गुप्ता (2005) को मुख्य वन संरक्षक, अजमेर पदस्थापित किया गया है। इसी तरह श्री लाल प्रजापत (2016) को उप वन संरक्षक, टेरिटोरियल, अजमेर बनाया गया है।
इसके अलावा अधिकारियों को जोधपुर, कोटा, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर, नागौर, पाली, श्रीगंगानगर, ब्यावर, प्रतापगढ़, टोंक, सीकर, दौसा और अन्य स्थानों पर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
पदस्थापन आदेश की प्रतीक्षा कर रहे अधिकारियों को भी जिम्मेदारी
आदेश में पदस्थापन आदेश की प्रतीक्षा कर रहे कुछ अधिकारियों को भी नई पोस्टिंग दी गई है। सूची में श्री गोवर्धन गर्ग (2015), श्री राजेश शंकर पांडे (2016), श्री गजेश्वर प्रसाद देवा (2019), श्री भवानी सिंह (2020), श्री अशोक कुमार जैन (2020) सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं।
अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया
आदेश के दूसरे हिस्से में कुछ अधिकारियों को उनके वर्तमान पद के साथ-साथ अतिरिक्त कार्यभार सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें श्रीमती शिखा मेहरा, श्री अनुराग भारद्वाज, श्री उदय शंकर, श्री राजेश कुमार गुप्ता, श्रीमती डी.जे. कविया, श्री विजय एन., श्री हनुमान राम, श्री सुनील, डॉ. टी. मोहन राज, श्री आशीष व्यास सहित कुल 14 अधिकारियों का उल्लेख है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि श्रीमती ज्योति माथुर (2005), आईएफएस, मुख्य वन संरक्षक, अजमेर को आगामी आदेश तक पदस्थापन आदेश की प्रतीक्षा में रखा गया है। आदेश राजस्थान के राज्यपाल की आज्ञा से संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह द्वारा जारी किया गया है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *