प्रदेश में ‘न्यूक्लियर पावर हब’ बनाने की कोशिशों के खिलाफ आंदोलन का संकल्प, जबलपुर में जुटे प्रभावित क्षेत्रों के प्रतिनिधि

Spread the love

जबलपुर | 25 नवंबर 2026 | पर्यावरण, जनहित एवं परमाणु परियोजना मध्यप्रदेश में प्रस्तावित परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं के खिलाफ चल रहे स्थानीय संघर्षों को एक प्रदेशव्यापी आंदोलन में बदलने की दिशा में जबलपुर में दो दिवसीय राज्यस्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। 24 और 25 नवंबर को हुई इस कार्यशाला में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने परमाणु परियोजनाओं के संभावित प्रभावों, जल-जंगल-जमीन, पर्यावरण, आजीविका और जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। कार्यशाला के समापन पर सभी परमाणु परियोजनाओं के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने का संकल्प लिया गया।कार्यशाला का आयोजन जनसंघर्ष समन्वय समिति मध्यप्रदेश, सेंटर फॉर फाइनेंशियल अकाउंटिबिलिटी और मौसम के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसमें चुटका (मंडला), भीमपुर (शिवपुरी), वासी (नीमच), बावड़ीखेड़ा (देवास), किंदरई (सिवनी), चौसरा (छिंदवाड़ा) और रोझौही/सिरमौर (रीवा) सहित विभिन्न प्रस्तावित एवं प्रभावित क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। कार्यशाला में चौसरा, छिंदवाड़ा में आयोजित जनसुनवाई की रिपोर्ट भी जारी की गई।

नर्मदा नदी और पर्यावरण को लेकर जताई चिंता

कार्यशाला के दौरान परमाणु परियोजनाओं के लिए बड़े पैमाने पर जल उपयोग, शीतलन व्यवस्था से निकलने वाले गर्म पानी, संभावित रेडियोधर्मी प्रदूषण तथा यूरेनियम खनन और परमाणु कचरे के निपटान से जुड़े सवाल उठाए गए। वक्ताओं ने विशेष रूप से चुटका परमाणु परियोजना के संदर्भ में नर्मदा नदी की पारिस्थितिकी, मछुआरों, किसानों और नदी पर निर्भर समुदायों पर संभावित प्रभावों को लेकर चिंता जताई।पर्यावरणविद सौम्या दत्ता ने अपने संबोधन में कहा कि यूरेनियम खनन, रेडियोधर्मी कचरे के दीर्घकालिक प्रबंधन और परमाणु दुर्घटनाओं के जोखिमों को नजरअंदाज कर परमाणु ऊर्जा को स्वच्छ ऊर्जा का विकल्प बताना भ्रामक है। उन्होंने जलवायु संकट के समाधान के लिए सुरक्षित, विकेंद्रीकृत और नवीकरणीय ऊर्जा व्यवस्था पर जोर दिया।

रोझौही के परमाणु विरोधी संघर्ष को भी मिला मंच

कार्यशाला में रीवा जिले के रोझौही क्षेत्र में प्रस्तावित परमाणु परियोजना के खिलाफ संघर्ष कर रहे प्रतिनिधियों ने भी अपनी बात रखी। रोझौही/रीवा से संतोष कोल और रावेन्द्र कोल ने क्षेत्रीय संघर्ष और ग्रामीणों की चिंताओं को सामने रखा।प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में प्रस्तावित परमाणु परियोजनाओं को लेकर स्थानीय स्तर पर उठ रहे सवालों और आंदोलनों को साझा मंच पर लाने की पहल के तहत रोझौही का मुद्दा भी चर्चा में रहा। कार्यशाला में अलग-अलग क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने अपने संघर्षों के अनुभव साझा किए और आगे सामूहिक रणनीति के साथ अभियान चलाने पर सहमति जताई।

इन प्रतिनिधियों ने रखी अपनी बात

कार्यशाला में बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ के राजकुमार सिन्हा, जनसंघर्ष समन्वय समिति मध्यप्रदेश के विजय कुमार, दीपमाला पटेल (सीएफए), आराधना भार्गव (किसान संघर्ष समिति), विवेक अवस्थी (राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन), शिवानंद द्विवेदी (आरटीआई, सामाजिक एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता रीवा), विवेक पवार (जन संघर्ष मोर्चा), दादु लाल कुङापे और मीरा बाई मरावी (चुटका परमाणु विरोधी संघर्ष समिति) सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने विचार रखे।इसके अलावा निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परमाणु ऊर्जा संयंत्रों से जुड़े संघर्षों के प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्र की स्थिति, जनसमस्याओं और आंदोलन से जुड़े अनुभव साझा किए।

सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित, प्रदेशव्यापी अभियान समिति गठित

कार्यशाला में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें चुटका, भीमपुर और वासी सहित स्वीकृत एवं प्रक्रियाधीन परमाणु परियोजनाओं को निरस्त करने, अन्य प्रस्तावित परियोजना स्थलों की स्थिति सार्वजनिक करने, बिजली की वास्तविक जरूरतों का स्वतंत्र ऑडिट कराने, ग्रामसभाओं के संवैधानिक अधिकारों का पालन सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं आजीविका की गारंटी देने की मांग शामिल है।प्रदेशव्यापी अभियान के संचालन और विभिन्न क्षेत्रों के आंदोलनों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए ‘परमाणु ऊर्जा विरोधी अभियान समिति’ का गठन किया गया। साथ ही राज्यस्तरीय परमाणु ऊर्जा विरोधी सम्मेलन आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।

किसानों, आदिवासियों, युवाओं और नागरिकों से भागीदारी की अपील

कार्यशाला के समापन पर किसानों, आदिवासियों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं, पर्यावरण कार्यकर्ताओं और प्रदेश के नागरिकों से परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की गई।आयोजकों ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में चल रहे स्थानीय संघर्षों को अब साझा मंच पर लाकर व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने की कोशिश की जाएगी। कार्यशाला का संदेश रहा— “न्यूक्लियर पावर हब नहीं, जनपक्षधर ऊर्जा मॉडल चाहिए! जल, जंगल, जमीन और जनजीवन की कीमत पर विनाश स्वीकार नहीं!”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *