कोटा में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: जन आक्रोश रैली में उमड़ा सैलाब

कोटा की सड़कों पर कांग्रेस का आक्रोश फूटा तो नजारा जनसैलाब में बदल गया। किशोर सागर तालाब से कलेक्ट्री तक निकली रैली में नारों की गूंज और तख्तियों की लहर के बीच कार्यकर्ता जोश में दिखे। मंच से नेताओं ने वोट चोरी, भ्रष्टाचार, किसानों की बर्बादी और स्मार्ट मीटर को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला।

कोटा। जिला कांग्रेस कमेटी की जन आक्रोश रैली में हजारों लोग सड़कों पर उतरे। किशोर सागर तालाब की पाल से कलेक्ट्री तक निकली रैली सभा में बदल गई। हाथों में तख्तियां और नारेबाजी के बीच माहौल जोश से भर गया।
प्रहलाद गुंजल ने स्मार्ट मीटर को बताया जनता की जेब पर डाका, किसानों को मुआवजा न मिलने पर दी चेतावनी
सभा को संबोधित करते हुए प्रहलाद गुंजल ने कहा कि कोटा का यह सैलाब वोट चोरी और भ्रष्ट नीतियों के खिलाफ जनता के गुस्से का सबूत है। उन्होंने बाढ़-अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा न मिलने पर सरकार को चेताया और स्मार्ट मीटर को जनता की जेब पर डाका बताया।
डोटासरा बोले—राजस्थान में सरकार नाम की कोई चीज नहीं, विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है
गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ठप है और विधानसभा अध्यक्ष विपक्ष की आवाज दबा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जुमलों, डर और वोट चोरी से जीतती रही है।
धीरज गुर्जर का तंज—राजस्थान की ‘पर्ची सरकार’ अब ज्यादा दिन नहीं टिकेगी
वहीं एआईसीसी सचिव धीरज गुर्जर ने शायरी के अंदाज में कहा कि “राजस्थान की पर्ची सरकार अब ज्यादा दिन नहीं टिकेगी।” उन्होंने जनता से संकल्प लेने का आह्वान किया कि भय, भूख और भ्रष्टाचार की राजनीति को उखाड़ फेंका जाएगा।
रैली में रविंद्र त्यागी, हाकिम अली, रामनारायण मीणा, राखी गौतम समेत कई नेता मौजूद रहे।
