रीवा में नशे के कारोबार पर अमहिया पुलिस की कार्रवाई, i20 से कफ सिरप की खेप बरामद; दो युवक गिरफ्तार

Spread the love

सिरमौर चौराहे के पास पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा वाहन, 38 शीशियां बरामद; कार समेत 5.11 लाख रुपये का मशरूका जब्त

रीवा। शहर में प्रतिबंधित कफ सिरप की कथित अवैध बिक्री के खिलाफ अमहिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी i20 कार में कफ सिरप लेकर सिरमौर चौराहा क्षेत्र में बिक्री के लिए घूम रहे थे। तलाशी के दौरान वाहन से विंग्स कंपनी की ओनरेक्स कफ सिरप की 38 शीशियां बरामद की गईं।पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की i20 कार में सवार दो युवक कफ सिरप लेकर क्षेत्र में बिक्री के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिरमौर चौराहे के आसपास निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध वाहन की घेराबंदी कर उसे रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद होने के बाद दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया।

दो अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल सिंह (20), निवासी मझिगवां, थाना बैकुंठपुर, रीवा और अभिजीत सेन (19), निवासी महुदर, थाना रामपुर बघेलान, सतना के रूप में की है।पुलिस के अनुसार बरामद कफ सिरप की कीमत करीब 11 हजार रुपये है। इसके अलावा कथित अवैध कारोबार में प्रयुक्त i20 कार की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 5 लाख 11 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।

‘प्रहार-2’ अभियान के तहत कार्रवाई

यह कार्रवाई रीवा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘प्रहार-2’ अभियान के तहत की गई। अभियान के जरिए नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले में बरामद कफ सिरप और वाहन को जांच का हिस्सा बनाया गया है तथा पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इसके पीछे कोई बड़ा सप्लाई नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने की कार्रवाई

अमहिया थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार गौतम के नेतृत्व में सउनि मनोज प्रजापति, प्रधान आरक्षक केमला प्रसाद, आरक्षक आशीष पांडेय, विकास तिवारी, शंकरदत्त जायसवाल, अनुज सिंह और देशराज सिंह की टीम कार्रवाई में शामिल रही।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब जांच का अगला फोकस कफ सिरप की आपूर्ति के स्रोत और संभावित खरीदारों तक पहुंचने पर है। यदि जांच में किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका सामने आती है तो कार्रवाई का दायरा और बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *