अजमेर: दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो कांवड़ यात्री भाइयों को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

Spread the love


अजमेर/किशनगढ़, 5 अगस्त। कांवड़ यात्रा के दौरान अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुष्कर से पवित्र गंगाजल लेकर किशनगढ़ लौट रहे कांवड़ यात्रियों को एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में किशनगढ़ निवासी शुभम राव की मौत हो गई, जबकि उनका छोटा भाई प्रदीप राव गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों भाई अन्य कांवड़ यात्रियों के साथ पुष्कर से गंगाजल लेकर किशनगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गेगल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि शुभम राव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने चालक की पिटाई कर दी और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलने पर गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल प्रदीप राव को तत्काल उपचार के लिए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी ।

यह भी देखें :


कांवड़ यात्रा के दौरान हुए इस हादसे से श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर है। धार्मिक आस्था और शिवभक्ति के साथ निकले दो भाइयों की यात्रा अचानक हादसे में बदल गई। घटना ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर भारी वाहनों की गति, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *