अजमेर भाजपा में बदलाव की आहट या जवाबदेही की शुरुआत?

Spread the love

संपादकीय – देवेन्द्र सक्सैना


अजमेर की राजनीति इन दिनों अपने अंतिम खींचतान के दौर से गुजर रही है ऐसा देखने में आया । कारण है भाजपा संगठन के भीतर हुए हालिया घटनाक्रम, विशेषकर वरिष्ठ नेता नीरज जैन को उनके संगठनात्मक दायित्व से हटाए जाने के बाद उठे राजनीतिक सवाल। सामान्यतः राजनीतिक दलों में पद परिवर्तन कोई असाधारण घटना नहीं होती, लेकिन जब किसी प्रभावशाली और लंबे समय से सक्रिय नेता को जिम्मेदारी से मुक्त किया जाता है तो उसके राजनीतिक अर्थ केवल एक आदेश तक सीमित नहीं रहते। ऐसे निर्णय संगठन की दिशा, नेतृत्व की प्राथमिकताओं और भविष्य की रणनीति का संकेत भी माने जाते हैं।
नीरज जैन भाजपा के उन नेताओं में गिने जाते हैं जिन्होंने केवल अजमेर ही नहीं, बल्कि प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भी संगठनात्मक राजनीति में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। चुनावी रणनीतियों, संगठन विस्तार और कार्यकर्ता नेटवर्क के कारण उनका राजनीतिक कद स्थानीय सीमाओं से कहीं बड़ा माना जाता रहा है। यही कारण है कि उनके पदमुक्त होने की खबर ने राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दिया है।
हालांकि भाजपा ने इस विषय पर कोई सार्वजनिक राजनीतिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह घटनाक्रम उस व्यापक संगठनात्मक पुनर्गठन का हिस्सा हो सकता है जिसकी झलक राजस्थान भाजपा में पिछले कुछ समय से दिखाई दे रही है। यदि ऐसा है तो सवाल केवल नीरज जैन का नहीं, बल्कि पूरे अजमेर भाजपा संगठन के भविष्य का है।
अजमेर भाजपा पिछले कुछ वर्षों में कई चुनौतियों से घिरी रही है। स्मार्ट सिटी परियोजनाओं से लेकर विकास कार्यों तक, जनता की अपेक्षाओं और धरातल पर दिखाई देने वाले परिणामों के बीच बहुत बड़ा अंतर अजमेर की स्थानीय जनता ने महसूस किया गया। जिन योजनाओं को शहर की पहचान बदलने वाला बताया गया था, उनमें से कई अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकीं और उन्हें धराशाही होना पड़ा।

इसे भी देखें :

इसका राजनीतिक और नैतिक दायित्व किस पर तय हुआ, यह प्रश्न आज भी जनता अपने जनप्रतिनिधियों से विभिन्न प्लेटफॉर्म पर पूछती आ रही लेकिन जिम्मेदारी आज तक तय नहीं हुई ना ही माननीयों ने जनता के जवाब दिए ना कोई रुचि दिखाई ।
राजनीति में जनता सब कुछ देखती है। वह यह भी देखती है ओ कि विकास के नाम पर खर्च हुए करोड़ों रुपये का परिणाम क्या निकला, और यह भी कि उन निर्णयों के लिए जवाबदेह कौन था। यदि संगठन केवल चुनाव जीतने की मशीन बनकर रह जाए और आत्ममंथन की क्षमता खो दे, तो धीरे-धीरे जनता का विश्वास कमजोर होने लगता है।

यह भी पढ़ें:


यही वह बिंदु है जहां भाजपा नेतृत्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती खड़ी दिखाई देती है। क्या यह बदलाव केवल पदों का पुनर्वितरण है, या फिर वास्तव में संगठन को नई दिशा देने का प्रयास? क्या पार्टी गुटबाजी और व्यक्तिगत शक्ति केंद्रों से ऊपर उठकर जवाबदेही आधारित संगठन की ओर बढ़ना चाहती है? क्या युवा नेतृत्व को अवसर देने और कार्यकर्ताओं को पुनः केंद्र में लाने की तैयारी है?
अजमेर की राजनीतिक गलियारों में  चर्चा है कि अजमेर भाजपा में जल्द ही व्यापक संगठनात्मक परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो यह केवल नाम बदलने की प्रक्रिया नहीं होगी, बल्कि संगठन की कार्यशैली, प्राथमिकताओं और भविष्य की राजनीति का निर्धारण भी करेगी। ऐसे समय में नीरज जैन का नाम भी चर्चाओं में बना हुआ है। उनके समर्थक मानते हैं कि उनका राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक क्षमता भविष्य में उन्हें किसी बड़ी जिम्मेदारी तक पहुंचा सकती है। 
समर्थक तो उन्हें आने वाले निगम चुनाव से पहले अजमेर की राजनीतिक में संगठन के शीर्ष पद पर बैठे देख रहे हैं उनका दावा है कि जिस प्रकार राष्ट्रीय राजनीति में नितिन नबीन को सभी के समर्थन से राष्ट्रीय युवा शक्ति के रूप में बीजेपी लेकर आई उसी प्रकार नीरज जैन के समर्थक उन्हें  किसी बड़े पद पर देख रहे हैं ।
वहीं विरोधी खेमे अपने अलग तर्क प्रस्तुत करते हैं। लेकिन राजनीति में अंतिम निर्णय हमेशा नेतृत्व और परिस्थितियां तय करती हैं।
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष जनता है। जनता अब केवल भाषणों, नारों और राजनीतिक प्रदर्शनों से प्रभावित नहीं होती। वह परिणाम चाहती है। वह यह देखना चाहती है कि जिन नेताओं ने वर्षों तक सत्ता और संगठन का लाभ उठाया, उनके कार्यों का मूल्यांकन पार्टी संगठन के स्तर पर भी हुआ या नहीं। जनता यह भी देखना चाहती है कि संगठन में स्थान योग्यता से मिलता है या केवल समीकरणों से।
 यहां सबसे महत्वपूर्ण निर्णय बीजेपी को बिना दबाव के लेना होगा ।  यदि संगठनात्मक परिवर्तन केवल गुटों को संतुष्ट करने या अस्थायी राजनीतिक संतुलन बनाने का माध्यम बनकर रह गया, तो उसका लाभ विपक्ष को मिलेगा और नुकसान भाजपा को। लेकिन यदि यह परिवर्तन जवाबदेही तय करने, निष्क्रियता पर कार्रवाई करने, युवा नेतृत्व को अवसर देने और जनता के विश्वास को पुनः स्थापित करने की दिशा में हुआ, तो यह भाजपा के लिए नई शुरुआत साबित हो सकता है।
अजमेर आज एक राजनीतिक मोड़ पर खड़ा है। भाजपा के सामने अवसर भी है और चुनौती भी। अवसर इसलिए कि वह आत्ममंथन कर स्वयं को मजबूत बनाए। चुनौती इसलिए कि जनता अब पहले से कहीं अधिक जागरूक है और वह केवल दावों पर नहीं, परिणामों पर निर्णय करती है।
राजनीति का इतिहास गवाह है कि किसी भी दल को विपक्ष नहीं हराता, उसे उसकी अपनी गलतियां कमजोर करती हैं। यदि भाजपा इस संदेश को समय रहते समझ लेती है तो अजमेर में उसका भविष्य और मजबूत हो सकता है। लेकिन यदि चेतावनियों को नजरअंदाज किया गया, तो आने वाले चुनावों में जनता स्वयं अपना निर्णय सुनाएगी।
अजमेर भाजपा के भीतर चल रही हलचल को इसलिए केवल एक नेता के पद परिवर्तन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह संभवतः उस बड़े प्रश्न की शुरुआत है जिसका उत्तर आने वाले दिनों में भाजपा नेतृत्व को देना होगा—क्या संगठन अब व्यक्तियों के प्रभाव से चलेगा या परिणामों की जवाबदेही से?
समय इसका उत्तर अवश्य देगा।

यह भी पढ़ें अजमेर नगर निगम,किसके संरक्षण में

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *