बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी में होगी नियुक्ति; 126 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी अनंतिम, एक परिणाम रोका गया
नई दिल्ली।(पीआईबी) संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) सहायक कमांडेंट परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने लिखित परीक्षा तथा 4 मई से 29 मई 2026 के बीच आयोजित व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) के आधार पर कुल 350 अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए अनुशंसा की है। इन अभ्यर्थियों की नियुक्ति सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और सशस्त्र सीमा बल (SSB) में सहायक कमांडेंट (ग्रुप-ए) पद पर की जाएगी।
आयोग के अनुसार अनुशंसित अभ्यर्थियों में 103 सामान्य (5 भूतपूर्व सैनिक सहित), 44 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), 109 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) (8 भूतपूर्व सैनिक सहित), 62 अनुसूचित जाति (SC) (2 भूतपूर्व सैनिक सहित) तथा 32 अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हैं। कुल अनुशंसित अभ्यर्थियों में 15 भूतपूर्व सैनिक भी शामिल हैं।
नियुक्ति उच्च न्यायालयों के निर्णय के अधीन
UPSC ने स्पष्ट किया है कि अंतिम नियुक्तियां देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों में परीक्षा से संबंधित लंबित रिट याचिकाओं के अंतिम निर्णय के अधीन रहेंगी। साथ ही एक अभ्यर्थी का परिणाम फिलहाल रोक दिया गया है।
रिक्तियां 432, सिफारिश 350 उम्मीदवारों की
सरकार द्वारा इस भर्ती के लिए कुल 432 रिक्तियां अधिसूचित की गई थीं। इनमें सबसे अधिक 204 पद CRPF, 92 पद CISF, 79 पद ITBP, 33 पद SSB तथा 24 पद BSF के लिए हैं। इन रिक्तियों में भूतपूर्व सैनिकों के लिए निर्धारित 10 प्रतिशत आरक्षण भी शामिल है।
126 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी अनंतिम
आयोग ने बताया कि अनुशंसित अभ्यर्थियों में से 126 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी अनंतिम (Provisional) है। इनके दस्तावेजों, पात्रता एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताओं के सत्यापन के बाद ही अंतिम नियुक्ति की जाएगी। इसके अतिरिक्त EWS, OBC, SC, ST तथा भूतपूर्व सैनिक आरक्षण संबंधी दावों का सत्यापन संबंधित प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा।
164 उम्मीदवारों की रिजर्व सूची भी तैयार
परीक्षा नियम-16(4) एवं 16(5) के तहत UPSC ने 164 अभ्यर्थियों की समेकित रिजर्व सूची भी तैयार की है। आवश्यकता पड़ने पर आयोग इस सूची से अभ्यर्थियों की अनुशंसा कर सकेगा।
अंक और सहायता केंद्र
आयोग के अनुसार अभ्यर्थियों के अंक परिणाम घोषित होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर UPSC की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। परीक्षा से संबंधित जानकारी के लिए UPSC के ‘सुविधा काउंटर’ पर कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। दूरभाष संख्या 011-23385271 एवं 011-23381125 जारी की गई हैं।
