छुहिया घाटी में ओडिशा पुलिस की टीम पर हमला, फायरिंग के बीच NDPS आरोपी को छुड़ा ले गए बदमाश

Spread the love

तीन वाहनों से आए हमलावरों ने पुलिस वाहन को घेरा, मिर्च स्प्रे से आंखों पर किया हमला; बेसबॉल बैट से तोड़े शीशे, टायर में लगी गोली

सीधी। रीवा-सीधी सीमा से लगे छुहिया घाटी क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब ओडिशा पुलिस की एक टीम को तीन वाहनों में सवार बदमाशों ने घेर लिया। पुलिस टीम एक NDPS एक्ट के आरोपी आदित्य मिश्रा को रीवा न्यायालय में पेशी के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान रास्ता रोककर किए गए हमले के बीच आरोपी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा लिया गया।पुलिस के मुताबिक घटना दोपहर करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। हमलावरों ने ओडिशा पुलिस के वाहन को आगे और पीछे से घेरकर रास्ता रोक दिया। इसके बाद वाहन से उतरकर पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया। घटनास्थल पर कई राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि एक टायर में गोली लगने की जानकारी है।

तीन गाड़ियों ने घेरा, अचानक शुरू हुआ हमला

सीधी एसपी संतोष कोरी के अनुसार, ओडिशा पुलिस की टीम NDPS एक्ट के मामले में गिरफ्तार आदित्य मिश्रा को रीवा कोर्ट में पेश करने के लिए ले जा रही थी। छुहिया घाटी से गुजरने के दौरान दो वाहनों ने पुलिस वाहन के सामने आकर रास्ता रोक दिया, जबकि तीसरे वाहन ने पीछे से रास्ता बंद कर दिया।पुलिस टीम कुछ समझ पाती, इससे पहले ही हमलावरों ने वाहन को घेर लिया और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर वहां से निकल गए।

पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च स्प्रे

हमले के दौरान बदमाशों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च स्प्रे भी किया। ओडिशा पुलिस टीम के सदस्य ईश्वर सिंह के अनुसार, मिर्च स्प्रे किए जाने के बाद पुलिसकर्मियों को स्थिति समझने में परेशानी हुई और इसी दौरान गोलियां चलने लगीं।हमलावरों ने बेसबॉल बैट से पुलिस वाहन के शीशों में तोड़फोड़ भी की। घटना के बाद ओडिशा पुलिस ने तत्काल डायल-112 के माध्यम से स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

AK-47 और पिस्टल से लैस थी पुलिस टीम

बताया गया है कि ओडिशा पुलिस की टीम में कुल आठ पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम के पास AK-47, पिस्टल सहित अन्य हथियार भी थे। इसके बावजूद अचानक किए गए हमले और मिर्च स्प्रे के बीच बदमाश आरोपी को लेकर फरार होने में सफल रहे।राहत की बात यह है कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, फायरिंग और वाहन में गोली लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल जरूर खड़े किए हैं।

मैहर की ओर भागे हमलावर

घटना के बाद आरोपी को छुड़ाकर बदमाश मैहर की दिशा में भागने की जानकारी सामने आई है। सीधी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान तथा उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।अब जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि तीन वाहनों में आए हमलावरों को आरोपी की आवाजाही की जानकारी कैसे मिली और पुलिस टीम की घेराबंदी की पूरी योजना किस तरह तैयार की गई। पुलिस इन सभी पहलुओं को जांच के दायरे में लेकर आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *