अजमेर। बदलते सामाजिक परिवेश में बच्चों के मन पर पड़ने वाले प्रभावों को समझने और उनके सकारात्मक समाधान को लेकर बचपन प्ले स्कूल, माकडवाली रोड पर आगामी 1 फरवरी को प्रातः 10.30 बजे एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशाला विशेष रूप से युवा अभिभावकों के लिए आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला में बाल मनोविज्ञान विशेषज्ञ एवं साइकोलॉजिस्ट प्रगति पंत बच्चों के मानसिक विकास पर समाज, परिवेश और दैनिक गतिविधियों के प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालेंगी। वे अभिभावकों को बदलते समय में बच्चों की व्यवहारिक समस्याओं को समझने, उनसे संवाद स्थापित करने तथा उन्हें प्यार, विज्ञान और मनोविज्ञान के माध्यम से दिशा देने के व्यावहारिक सुझाव भी देंगी। इस दौरान अभिभावकों को अपने प्रश्न रखने और सीधे समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि बाल मन अत्यंत कोमल होता है। यदि प्रारंभिक अवस्था में बच्चों की गतिविधियों को पहचानकर सही मार्गदर्शन किया जाए तो उनका मानसिक एवं सामाजिक विकास बेहतर हो सकता है।
कार्यशाला के मार्गदर्शक एडवोकेट अनिल नाग ने बताया कि सामाजिक गतिविधियों का बच्चों पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर जागरूकता फैलाने और अभिभावकों को उचित मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर के सभी युवा अभिभावक इस निःशुल्क कार्यशाला में भाग लेकर लाभ उठा सकते हैं।
