ट्रांसजेंडर अधिकारों पर एनएचआरसी का राष्ट्रीय सम्मेलन
नई दिल्ली।
मानव अधिकार आयोग (NHRC) ने 4 सितंबर 2025 को इंडिया हैबिटेट सेंटर, नई दिल्ली में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों पर राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया। “Rights of Transgender Persons: Revamping Spaces, Reclaiming Voices” विषय पर हुए इस आयोजन का मकसद ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा में जोड़ना और उनके लिए सम्मानजनक व सुरक्षित वातावरण तैयार करना बताया गया।
लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या ऐसे सम्मेलन सिर्फ भाषणों और रिपोर्टों तक ही सीमित रह जाएंगे या वास्तव में ट्रांसजेंडर समाज को उनका अधिकार मिलेगा? आज भी ट्रांसजेंडर व्यक्ति रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसते हैं। समाज की तिरछी नज़रों और प्रशासन की लापरवाहियों ने उनके जीवन को संघर्षमय बना रखा है।
सम्मेलन के अहम मुद्दे:
गरिमा गृह शेल्टर को मज़बूत करने पर चर्चा, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि कई शेल्टर संसाधनों की कमी से जूझ रहे हैं।
बुजुर्ग और बच्चों के लिए संस्थागत देखभाल की बात उठी, पर अब तक ठोस कदम नदारद हैं।
कानून प्रवर्तन एजेंसियों को संवेदनशील बनाने पर जोर, लेकिन पुलिस थानों में ट्रांसजेंडर के साथ होने वाला भेदभाव सबके सामने है।
रोजगार और सशक्तिकरण पर पैनल चर्चा, जबकि हकीकत में कई योग्य ट्रांसजेंडर युवाओं को आज भी नौकरी सिर्फ उनकी पहचान की वजह से नहीं मिलती।
एनएचआरसी का यह सम्मेलन कागज़ पर उम्मीदों का पुल खड़ा करता है, मगर जब तक प्रशासन और समाज मिलकर जमीनी स्तर पर बदलाव नहीं लाते, तब तक यह समुदाय सिर्फ भाषणों का हिस्सा बनकर रह जाएगा।
सच यह है कि ऐसे सम्मेलन अगर सिर्फ़ फाइलों और मंचीय भाषणों तक सीमित रहे तो ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए यह महज़ दिखावा बनकर रह जाएंगे।
👉 समाज को भी यह समझना होगा कि ट्रांसजेंडर व्यक्ति भी हमारे बीच समान अधिकार और अवसर के हकदार हैं। और सरकार को चाहिए कि सिर्फ घोषणाओं से आगे बढ़कर कड़ी निगरानी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि इस समुदाय को वास्तव में “सम्मान से जीने का हक” मिल सके।
