🔴 फैक्ट चेक विशेष | खबर वन न्यूज
राजस्थान का पैसा, हरियाणा का विकास कितना सच कितना झूठ?
सांसद निधि से विधायक फंड तक आरोपों के घेरे में सवाल एक ही मजबूरी या सिस्टम की कमज़ोरी ?
राजस्थान की राजनीति में इन दिनों सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MPLADS) को लेकर उठा विवाद केवल एक राज्य या तीन सांसदों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सवाल खड़ा करता है कि जनप्रतिनिधियों को मिलने वाले विकास फंड की निगरानी और जवाबदेही आखिर किसके हाथ में है।
बीजेपी ने आरोप लगाया कि राजस्थान के कुछ सांसदों ने अपने क्षेत्र की बजाय हरियाणा में सांसद निधि खर्च की। कांग्रेस ने पलटवार करते हुए इसे नियमों के तहत वैध बताया। ऐसे में जरूरी है कि इस पूरे मामले को आरोप नहीं, तथ्यों के चश्मे से देखा जाए।
फैक्ट चेक रिपोर्ट
पहला तथ्य यह है कि राजस्थान के तीन सांसदों द्वारा हरियाणा में MPLADS के तहत विकास कार्यों की सिफारिश की गई है। यह बात सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज है और इसलिए इसे नकारा नहीं जा सकता।
दूसरा तथ्य यह है कि अभी तक कोई CAG रिपोर्ट, केंद्र सरकार की जांच या न्यायिक आदेश सामने नहीं आया है जो इस खर्च को अवैध या नियम-विरुद्ध ठहराता हो। यानी यह मामला फिलहाल कानूनी अपराध नहीं, बल्कि राजनीतिक विवाद है।
नियम और सियासत
MPLADS के नियम सांसदों को सीमित राशि अपने क्षेत्र के बाहर खर्च करने की अनुमति देते हैं। कांग्रेस सांसदों का कहना है कि उन्होंने इसी प्रावधान के तहत सिफारिश की। दूसरी ओर बीजेपी इसे राजस्थान की जनता के साथ अन्याय बता रही है।
यहीं से सवाल उठता है—यदि नियम इसकी इजाजत देते हैं, तो क्या नियमों की नैतिकता और मंशा पर भी चर्चा नहीं होनी चाहिए?
विधायकों पर भी वही आरोप
यह पहला मौका नहीं है जब विकास फंड पर सवाल उठे हों। कांग्रेस खुद कई बार आरोप लगा चुकी है कि
बीजेपी के स्थानीय विधायक शिलान्यास कर देते हैं और सड़क कागजों में बनती है। नियमानुसार बोर्ड तक नहीं लगाया जाता कि इस निर्माण में कितना धन ,किस मद से लगाया ,ठेकेदार कौन जैसे जानकारी जनता को देनी होती है लेकिन शहर में विकास के नाम पर मात्र शिलान्यास दिखाई देते हैं ।
कहीं स्कूल स्वीकृत हो जाते हैं, भवन बनते ही नहीं। यानी सांसद हों या विधायक—फंड के दुरुपयोग या गलत उपयोग के आरोप दोनों पक्षों पर लगते रहे हैं।
सिस्टम की कमजोरी उजागर
यह विवाद दरअसल व्यक्ति नहीं, सिस्टम की कमजोरी उजागर करता है। यदि विकास निधि का पैसा
- क्षेत्र से बाहर खर्च हो,
- प्राथमिकताओं से हटकर लगे,
- या राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग हो,
तो नुकसान अंततः जनता और विकास को होता है। देश को भारी आर्थिक नुकसान
जानकारों की राय
प्रशासनिक और आर्थिक मामलों के जानकार मानते हैं कि
यदि इस प्रकार से सांसदों और विधायकों द्वारा धन का दुरुपयोग हो रहा है,
तो केंद्र सरकार को इस आर्थिक बर्बादी पर सख्ती से रोक लगानी चाहिए।
उनका कहना है कि
- विकास फंड पर कड़ी निगरानी,
- खर्च की सीमा तय,
- और क्षेत्र से बाहर खर्च पर अंकुश
लगाने से जनप्रतिनिधि अपने ही क्षेत्र में वास्तविक विकास करने को मजबूर होंगे।
इस पूरे विवाद का फैक्ट चेक निष्कर्ष साफ है—
✔️ हरियाणा में सांसद निधि खर्च की सिफारिश हुई, यह सच है।
❌ इसे घोटाला या अवैध कहना, अभी प्रमाणित नहीं है।
लेकिन इससे भी बड़ा सच यह है कि
जब तक विकास फंड की जवाबदेही तय नहीं होगी,
तब तक आरोप-प्रत्यारोप की सड़क पर राजनीति यूं ही दौड़ती रहेगी—और असली विकास पीछे छूटता रहेगा।
सवाल : क्या सरकार इस आर्थिक नुकसान को रोकने के लिए प्रभावी उठाएगी ?
