अजमेर। कोटा / अत्यंत दुःख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि खबर वन न्यूज एवं सदमार्ग चैनल पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम ‘ईश्वरीय वाणी’ से जुड़े सुप्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य श्री मोहन प्रकाश शर्मा का आज प्रातः करीब 5 बजे हृदयगति रुकने से देवलोकगमन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही उनके परिचितों, शुभचिंतकों और दोनों चैनलों से जुड़े दर्शकों में शोक की लहर दौड़ गई।
श्री मोहन प्रकाश शर्मा लंबे समय से ज्योतिष एवं आध्यात्मिक विषयों के माध्यम से लोगों का मार्गदर्शन करते रहे। उनकी सहज भाषा, आध्यात्मिक दृष्टिकोण और ज्योतिषीय ज्ञान ने अनेक लोगों को प्रभावित किया। खबर वन न्यूज और सदमार्ग चैनल के माध्यम से प्रसारित उनकी ‘ईश्वरीय वाणी’ को श्रोताओं और दर्शकों द्वारा विशेष रूप से पसंद किया जाता था।
उनके निधन से आध्यात्मिक और ज्योतिषीय क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ-साथ उनके चाहने वालों ने एक मार्गदर्शक स्वर खो दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री मोहन प्रकाश शर्मा की अंतिम यात्रा आज शाम 4 बजे किशोरपुरा मुक्तिधाम के लिए प्रस्थान करेगी। उनका अंतिम संस्कार पारिवारिक एवं सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया जाएगा।
खबर वन न्यूज परिवार की ओर से दिवंगत आत्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
“त्वं शरणम् बृजेश।”
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
ॐ शांति। 🙏

