कृषि में अध्ययनरत छात्राओं के लिए प्रोत्साहन राशि, आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी

Spread the love

राज किसान साथी पोर्टल पर होगा ऑनलाइन आवेदन

अजमेर, 9 जनवरी।
कृषि शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग की राज्य योजना के अंतर्गत कृषि विषय में अध्ययनरत छात्राओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है। इस योजना के तहत पात्र छात्राओं को निर्धारित प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने के लिए राज किसान साथी पोर्टल पर 31 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है।

योजना के अनुसार, कृषि विषय लेकर सीनियर सैकण्डरी (11वीं व 12वीं) में अध्ययनरत छात्राओं को 15 हजार रुपये प्रतिवर्ष की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं कृषि स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर अध्ययनरत छात्राओं को 25 हजार रुपये प्रतिवर्ष तथा कृषि विषय में पीएचडी कर रही छात्राओं को 40 हजार रुपये प्रतिवर्ष प्रोत्साहन राशि देय होगी।

ऑनलाइन आवेदन करते समय छात्राओं को अपनी पिछली कक्षा की अंकतालिका (मार्कशीट) तथा राजस्थान का मूल निवासी प्रमाण-पत्र पोर्टल पर अपलोड करना होगा। आवेदन पत्र भरते समय यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि छात्रा द्वारा वर्तमान अध्ययनरत कक्षा का सही वर्ष ही अंकित किया जाए। छात्रा के नियमित अध्ययन का प्रमाण संबंधित शिक्षण संस्था द्वारा जारी किया जाएगा।

संस्था प्रधान को देना होगा ऑनलाइन प्रमाण-पत्र

राज किसान साथी पोर्टल पर जनाधार के माध्यम से पंजीकरण के बाद, संबंधित विद्यालय या महाविद्यालय द्वारा छात्रा के आवेदन का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन उपरांत आवेदन पत्र को संयुक्त निदेशक, कृषि को अग्रेषित किया जाएगा।

इस प्रक्रिया के अंतर्गत संस्था प्रधान को ऑनलाइन प्रमाण-पत्र जारी करना अनिवार्य होगा, जिसमें यह स्पष्ट किया जाएगा कि संबंधित छात्रा किस कक्षा में अध्ययनरत है, उसने उसी कक्षा में पुनः प्रवेश नहीं लिया है तथा वह अनुत्तीर्ण नहीं हुई है। योजना का लाभ सुनिश्चित करने के लिए संस्था प्रधान द्वारा 31 मार्च से पूर्व ई-साइन युक्त प्रमाण-पत्र पोर्टल पर भेजना आवश्यक है।

कृषि विभाग ने पात्र छात्राओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन प्रक्रिया पूरी कर योजना का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *