मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल भरवाने वालों के लिए अहम खबर

Spread the love

2,000 रुपये से ज्यादा के ईंधन भुगतान पर UPI बंद करने की तैयारी, 16 अक्टूबर से लागू होगी व्यवस्था

भोपाल। मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल भरवाने वाले वाहन चालकों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव सामने आया है। मध्य प्रदेश पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन ने 2,000 रुपये से अधिक के ईंधन बिल पर UPI भुगतान स्वीकार नहीं करने का फैसला किया है। एसोसिएशन के अनुसार यह व्यवस्था 16 अक्टूबर 2026 से प्रदेश के करीब 4,700 पेट्रोल पंपों पर लागू की जाएगी।एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह के मुताबिक, 2,000 रुपये से अधिक के UPI लेन-देन पर Merchant Discount Rate (MDR) लगने के कारण पेट्रोल पंप डीलर्स पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है। एसोसिएशन का कहना है कि प्रत्येक ऐसे लेन-देन पर करीब 5 रुपये MDR और 18 प्रतिशत GST के रूप में 90 पैसे, यानी कुल 5.90 रुपये का खर्च आता है।डीलर्स के मुताबिक एक पेट्रोल पंप पर प्रतिदिन औसतन 100 से अधिक ऐसे UPI ट्रांजेक्शन होते हैं। इस हिसाब से करीब 590 रुपये प्रतिदिन और लगभग 17,400 रुपये प्रतिमाह का अतिरिक्त खर्च बताया गया है। एसोसिएशन ने प्रदेश के करीब 4,700 पेट्रोल पंपों को मिलाकर यह आर्थिक बोझ लगभग 8.17 करोड़ रुपये प्रतिमाह होने का दावा किया है।

तेल कंपनियों से MDR की भरपाई की मांग

पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन ने मांग की है कि 2,000 रुपये से अधिक के डिजिटल भुगतान पर लगने वाले MDR की भरपाई तेल कंपनियों द्वारा की जाए। डीलर्स का कहना है कि पेट्रोल पंपों पर नकद भुगतान स्वीकार करना अनिवार्य है, जबकि डिजिटल भुगतान स्वीकार करने की ऐसी बाध्यता नहीं है।हालांकि, 16 अक्टूबर से प्रस्तावित इस व्यवस्था के तहत 2,000 रुपये से अधिक के ईंधन बिल का भुगतान करने वाले ग्राहकों को UPI के बजाय नकद या उपलब्ध अन्य भुगतान विकल्प का इस्तेमाल करना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *