बीकानेर। राजस्थान के सभी राजकीय विद्यालयों में कक्षा 2 से 5 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए Central FLN Assessment आयोजित किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजस्थान, बीकानेर की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह मूल्यांकन 22 अगस्त 2026 को हिंदी और गणित विषयों में कराया जाएगा।
यह आकलन राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 तथा निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप विद्यार्थियों की आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षताओं (Foundational Literacy and Numeracy) का आकलन करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की विभिन्न FLN दक्षताओं का मूल्यांकन कर उनके वास्तविक अधिगम स्तर का विश्लेषण करना है।
20 प्रश्नों का होगा प्रत्येक विषय का प्रश्नपत्र
आदेश के अनुसार हिंदी और गणित दोनों विषयों के प्रश्नपत्र में 20-20 प्रश्न होंगे। प्रत्येक Competency से 4 प्रश्न निर्धारित किए गए हैं और प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा। मूल्यांकन में किसी प्रकार का ऋणात्मक अंकन नहीं किया जाएगा। विद्यार्थियों के प्राप्तांकों को Competency-wise दर्ज किया जाएगा।
एक घंटे का होगा प्रश्नपत्र
प्रत्येक विषय का प्रश्नपत्र एक घंटे का होगा। हिंदी का प्रश्नपत्र प्रथम एवं द्वितीय कालांश में तथा गणित का प्रश्नपत्र पांचवें एवं छठे कालांश में आयोजित कराया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।
शाला दर्पण और शिक्षक ऐप पर मिलेंगे प्रश्नपत्र
Central FLN Assessment के प्रश्नपत्र निर्धारित तिथि से पहले शाला दर्पण पोर्टल और Shikshak App पर उपलब्ध कराए जाएंगे। विद्यालयों के संस्था प्रधानों को प्रश्नपत्र समय पर डाउनलोड कर प्रिंट कराने के निर्देश दिए गए हैं। जहां प्रिंटर उपलब्ध नहीं है, वहां प्रश्नपत्र की प्रति लेकर श्यामपट्ट पर प्रश्न स्पष्ट रूप से अंकित कर विद्यार्थियों का आकलन कराया जा सकेगा।
मूल्यांकन के बाद विद्यालय स्तर पर होगी जांच
Assessment के बाद उत्तर-पुस्तिकाओं का मूल्यांकन विद्यालय स्तर पर किया जाएगा। प्रत्येक विद्यार्थी के Competency-wise प्राप्तांक निर्धारित मैपिंग के अनुसार दर्ज किए जाएंगे। संस्था प्रधानों को सभी उत्तर-पुस्तिकाओं को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
30 अगस्त तक ऑनलाइन अंक प्रविष्टि अनिवार्य
शाला दर्पण पर संबंधित मॉड्यूल लाइव होने के बाद प्रत्येक विद्यार्थी के Competency-wise प्राप्तांकों की 30 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन प्रविष्टि अनिवार्य रूप से करनी होगी। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों को मूल्यांकन की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
दक्षताओं पर आधारित होगा मूल्यांकन
Assessment में विद्यार्थियों की संख्या ज्ञान, जोड़-घटाव, गुणा-विभाजन, मुद्रा के उपयोग, भाषा प्रवाह, ध्वन्यात्मक जागरूकता, अक्षर पहचान, पढ़ने-लिखने और समझ से जुड़ी दक्षताओं का आकलन किया जाएगा। संलग्न Competency Mapping में उदाहरण के तौर पर 99 तक की संख्याओं को आरोही-अवरोही क्रम में व्यवस्थित करना, दो अंकीय संख्याओं को जोड़ना-घटाना, ₹100 तक की मुद्रा से सरल लेन-देन, भाषा में सार्थक बातचीत तथा कहानी की समझ जैसी दक्षताएं शामिल हैं।
विभाग का उद्देश्य: इस केंद्रीय मूल्यांकन के माध्यम से विद्यार्थियों के वास्तविक अधिगम स्तर की पहचान कर FLN दक्षताओं को मजबूत करने की दिशा में आगे की शैक्षिक रणनीति तैयार करना है।
