अजमेर, 22 जून। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को एक अनुभवी शिक्षाविद् के रूप में नया नेतृत्व मिला है। वरिष्ठ शिक्षाविद् हनुमान सिंह राठौड़ ने सोमवार को बोर्ड के 41वें अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। शिक्षा क्षेत्र में दशकों के अनुभव और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की स्पष्ट सोच रखने वाले राठौड़ के नेतृत्व से बोर्ड के कार्यों में नई ऊर्जा और सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।
पदभार ग्रहण करने के बाद राठौड़ ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का प्रभावी क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा केवल परीक्षा तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार करने वाली व्यवस्था विकसित करना समय की आवश्यकता है।
राठौड़ ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति शिक्षा प्रणाली में व्यापक और गुणात्मक सुधार का माध्यम है। इसके लिए पाठ्यक्रम, पाठ्य पुस्तकों, शिक्षक प्रशिक्षण और परीक्षा प्रणाली में आवश्यक सुधार किए जाएंगे। उनका मानना है कि आधुनिक शिक्षा व्यवस्था विद्यार्थियों में नवाचार, कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम बन सकती है।
विशेष बात यह है कि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के इतिहास में पहली बार विद्यालयी शिक्षा से सीधे जुड़े किसी शिक्षाविद् को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए यह नियुक्ति शिक्षा जगत के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। राठौड़ अब तक 25 से अधिक पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं और लंबे समय से शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बोर्ड की कार्यप्रणाली पहले से ही मजबूत है और उनका उद्देश्य इसे और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा परिणामोन्मुख बनाना है। उन्होंने बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता की सराहना करते हुए टीम भावना से कार्य करने पर बल दिया।
यह भी पढ़ें: खबर वन न्यूज

पदभार ग्रहण के अवसर पर बोर्ड सचिव नीतू यादव ने उनका स्वागत किया। बोर्ड परिसर में कर्मचारियों और अधिकारियों ने पारंपरिक तरीके से अभिनंदन किया। इस अवसर पर शिक्षा, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिक्षा जगत में यह विश्वास व्यक्त किया जा रहा है कि हनुमान सिंह राठौड़ के अनुभव, दूरदर्शी सोच और शिक्षा के प्रति समर्पण से राजस्थान बोर्ड नई उपलब्धियों की ओर अग्रसर होगा तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।
