जयपुर : राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन विभाग का हालिया आदेश, जिसके तहत 28 अगस्त (पर्युषण पर्व) और 6 सितंबर (अनंत चतुर्दशी) को पूरे प्रदेश में नॉनवेज और अंडे की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा, महज़ एक प्रशासनिक फैसला भर नहीं है। यह एक ऐसा कदम है, जो हमें हमारी दिनचर्या से ऊपर उठकर “जीवन के गहरे सत्य” से परिचय कराता है—जीवन केवल मनुष्य का नहीं, हर प्राणी का अमूल्य है।
बेजुबानों को मिली राहत
आमतौर पर हमारे शहर के बूचड़खानों में रोज़ाना हजारों मासूम जानवर अपनी सांसें गंवा देते हैं। मुर्गियों की आंखों में छिपा डर,बकरियों की बंधी टांग, मछलियों की तड़प यह सब स्वाद के सामने फीके पड़ जाते हैं । यह सब अपनी आंखों से चंद रुपयों में कसाइयों के हाथों अपने को बिकते देखते है । इंसान भी उनके अंगों की कीमत तय कर अपने स्वाद के सामने ,उनके अंगों को कटता, उनकी चीख सुनता है रहता है, टुकड़े टुकड़े होता, खून बहता देखता है ।
ऐसे में राजस्थान की भजनलाल सरकार का यह आदेश इन बेजुबानों को कम से कम दो दिन का जीवन तो देगा । यह छोटा-सा विराम उनके लिए एक अमूल्य उपहार है, जब उनकी सांसें चलती रहेंगी, जब उनका खून ज़मीन पर नहीं बहेगा, जब उनकी चीखें हवाओं में नहीं गूंजेंगी।
धार्मिक पर्व और करुणा का संदेश
जैन समाज का पर्युषण पर्व और हिंदू समाज की अनंत चतुर्दशी दोनों ही संयम, त्याग और करुणा के पर्व हैं। अहिंसा की भावना को सर्वोच्च मानने वाले इन आयोजनों के अवसर पर लिया गया यह निर्णय, न केवल धार्मिक भावनाओं का सम्मान है बल्कि हमें यह स्मरण कराता है कि अहिंसा और दया मानवता के शाश्वत मूल्य हैं।
समाज और व्यापार पर असर
सरकार का यह आदेश मांसाहार से जुड़े व्यापारियों, होटल और ढाबों पर आर्थिक बोझ डालता है। मगर क्या दो दिन का नुकसान उस पीड़ा से बड़ा है, जिसे वे सब जानवर हर रोज़ झेलते हैं?
स्वास्थ्य और पर्यावरणीय दृष्टिकोण
सरकार का यह फैसला केवल धार्मिक या नैतिक ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरणीय दृष्टि से भी बहुत महत्वपूर्ण है। दो दिन का शाकाहार शरीर को हल्का और पाचन को संतुलित बनाता है।बूचड़खानों के बंद रहने से अपशिष्ट और प्रदूषण में भी कमी आती है। सबसे बढ़कर, यह आदेश समाज को सात्विक ,शाकाहारी जीवनशैली की ओर प्रेरित करता है।
आत्मा की करुण पुकार
कभी ठहरकर सोचिए, यदि किसी दिन आपको अचानक मौत की ओर धकेल दिया जाए तो आपकी आंखों में कैसा भय होगा? वही भय हर उस बकरी, मुर्गी, मछली और भेड़ की आंखों में रोज़ तैरता है। फर्क सिर्फ इतना है कि वे बोल नहीं सकतीं, अपनी चीख हमारे कानों तक पहुंचा नहीं पातीं।
सरकार का यह आदेश हमें उनके मौन को सुनने का अवसर देता है। यह हमें बताता है कि जीवन की डोर हर प्राणी के लिए उतनी ही मूल्यवान है, जितनी हमारे लिए।
लेखक का संदेश=करुणा को स्थायी बनाएं
“दो दिन ज़िंदगी” का यह निर्णय हमें यह सिखाता है कि अगर हम दो दिन बिना नॉनवेज खाए रह सकते हैं, तो क्यों न यह करुणा हमारे जीवन का स्थायी हिस्सा बन जाए? क्यों न हम अपनी थाली में करुणा परोसें और अपने दिल में दया को जगह दें?
राजस्थान सरकार का यह आदेश आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश देगा कि “सभ्यता केवल इमारतों और विकास से नहीं “बनती, बल्कि “करुणा और संवेदनशीलता से खिलती है“।
आज इन दो दिनों का ठहराव हमें याद दिलाता है कि “दुनिया केवल मनुष्यों की नहीं”, बल्कि हर उस “जीव की है, जो सांस लेता है और जीना चाहता है“।
