“अस्पताल से जान बचाकर भाग रहे मरीज” : न्यू मेडिकल कॉलेज विवाद पर आज सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस

Spread the love

प्रहलाद गुंजल बोले—“इलाज के बजाय जान बचाकर भाग रहे लोग, सरकार की संवेदनाएं खत्म”

अजमेर/कोटा | कांग्रेस नेता पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने न्यू मेडिकल कॉलेज में प्रसूताओं की मौत और अस्पताल की कथित अव्यवस्थाओं को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि मरीज इलाज करवाने के बजाय अपनी जान बचाने के लिए अस्पताल छोड़कर भाग रहे हैं।

कोटा में मंगलवार 13 मई को प्रस्तावित कांग्रेस के जंगी प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए गुंजल ने कहा कि अस्पताल के वार्ड खाली हो रहे हैं और लोगों का सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था से भरोसा उठता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की विफलता और संवेदनहीनता का सबसे बड़ा उदाहरण है।

गुंजल ने कहा कि “कोरे आंसू पहुंचने से लोगों को न्याय नहीं मिलता। सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को पीड़ित परिवारों को राहत देने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।” उन्होंने आरोप लगाया कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

यह भी पढ़ें

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आमजन के साथ सड़कों पर उतरकर सरकार को जनता का गुस्सा दिखाएगी। प्रदर्शन के तहत मंगलवार सुबह 10 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन अग्रसेन धर्मशाला, कोटिया भील की प्रतिमा, रंगबाड़ी के पास एकत्रित होंगे, जहां से न्यू मेडिकल कॉलेज तक विरोध मार्च निकाला जाएगा।

बैठक में कांग्रेस संगठन और विभिन्न प्रकोष्ठों के कई नेताओं ने भाग लिया। इनमें प्रदेश महामंत्री अनूप ठाकुर, पीसीसी सदस्य क्रांति तिवारी, प्रदेश सचिव मंजूर तंवर, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज दुबे, अशोक नागर, दीपक नामदेव, डॉ. टीकम चंद सुमन, इसरार अहमद, धनराज चेची, विपिन बरथूनिया, मंजू चौधरी, राधा सोनी, गजेंद्र धाकड़, हिमांशु शर्मा, राजेंद्र भारद्वाज, बलविंदर सिंह बिल्लू, राजू पहाड़िया, हामिद गौड़ और महेश श्रृंगी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन हेमंत चतुर्वेदी ने किया।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ और जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *