तेज रफ्तार डम्पर ने फिर छीनी जिन्दगी,अजमेर में दर्दनाक हादसा

Spread the love

अजमेर । पीआर मार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार डम्पर ने स्कूटी सवार युवक को कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मृतक दीपक चंदवानी, निवासी अजय नगर, रोज की तरह सुबह नाश्ता लेने गया था और लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। जैसे ही उसने गांधी भवन चौराहे के पास मोड़ लिया, पीछे से आए तेज रफ्तार डम्पर ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी तेज थी कि दीपक सड़क पर गिर गया और अगला पहिया उसके ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर एकत्रित हो गए। हादसे का वीडियो तथा नजदीकी दुकानों के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए, जिनमें डम्पर का अनियंत्रित तरीके से आना और टक्कर का दृश्य स्पष्ट दिखाई देता है। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जेएलएन अस्पताल भिजवाया और डम्पर चालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक की पहचान कर ली गई है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

दो दिन पहले “खबर वन न्यूज”

खबर वन न्यूज ने दो दिन पहले ही एक वीडियो में दिखाया कि कैसे खुले आम शहर की सड़कों पर बिना नंबर के डंपर दौड़ रहे । चौराहों पर खड़े पुलिस कर्मी और प्रशासन की अनदेखी से आए दिन घरों के चिराग बुझ रहे हैं ।

स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर कड़ी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि पीआर मार्ग और गांधी भवन चौराहे पर अक्सर तेज रफ्तार डम्पर चलते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। कई बार शिकायतों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। दीपक की मौत के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है और वे प्रशासन से यहां भारी वाहनों पर तत्काल नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

2 thoughts on “तेज रफ्तार डम्पर ने फिर छीनी जिन्दगी,अजमेर में दर्दनाक हादसा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *