अजमेर।
अजमेर के प्रमुख मोक्षधाम ऋषि घाटी की बदहाल व्यवस्था को लेकर कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फोटो साझा कर सनातन सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
धर्मेंद्र राठौर ने अपनी पोस्ट में बताया कि वे आज ऋषि घाटी मोक्षधाम में वरिष्ठ अधिवक्ता व कांग्रेस नेता श्री राजेश टंडन के बड़े पुत्र, एडवोकेट मयंक टंडन के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। शोक और संवेदना के इस क्षण में श्मशान स्थल पर फैली गंदगी, अव्यवस्था और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी ने उन्हें अंदर तक व्यथित कर दिया।
फेसबुक पोस्ट में राठौर ने तीखे शब्दों में लिखा कि जब शहर के मुख्य मोक्षधाम की यह स्थिति है, तो अन्य मोक्षधामों की हालत कितनी दयनीय होगी, इसका अंदाज़ा लगाना कठिन नहीं। उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और सनातन संस्कारों का अपमान बताया।
कांग्रेसी नेता ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन और नगर निगम से विशेष अभियान चलाकर सभी मोक्षधामों में—नियमित सफाई व्यवस्था,शुद्ध पेयजल,रोशनी व बैठने की सुविधा तथा श्मशान स्थलों पर ही मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था
तत्काल लागू करने की मांग की है।
पोस्ट में भाजपा और उसकी सरकार पर भी सीधा सवाल दागा गया। राठौर ने लिखा कि सनातन संस्कृति की बात करने वाले नेता ज़मीनी सच्चाई पर अमल नहीं करेंगे, तो यह सब केवल दिखावा बनकर रह जाएगा। दुख की घड़ी में किसी परिवार को अव्यवस्था से जूझना न पड़े, यह सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है।
फेसबुक पर साझा की गई तस्वीरें और शब्द अब प्रशासन के लिए आईना बन चुके हैं। सवाल साफ है—
क्या शासन-प्रशासन इसे गंभीरता से लेकर मोक्षधामों की दशा सुधारेगा, या फिर “मुर्दे जलते रहेंगे पांवड़े जिमते रहेंगे” कहावत चरितार्थ होगी ।
