अजमेर/पुष्कर। तीर्थ नगरी के बुड्ढा पुष्कर न्यू बाईपास पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार बोलेरो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए, जबकि बोलेरो वाहन पलटी खा गया।
मृतकों की पहचान मुकेश (30 वर्ष) एवं सुदाना राम (47 वर्ष) निवासी रतनपुरा, जिला के रूप में हुई है। दोनों भाई थांवला स्थित अपने निर्माणाधीन मकान के लिए से टाइल्स देखकर वापस लौट रहे थे, तभी बाईपास पर सामने से आ रही तेज गति की बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बोलेरो चालक रामदेव सिंह रावत (निवासी बाघोलाई) को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि चालक नशे में धुत था। वहीं 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों मृतक थांवला अस्पताल में कार्यरत डॉ. प्रकाश चौधरी के सगे भाई बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही डॉ. चौधरी अस्पताल पहुंचे, लेकिन अपने भाइयों के शव देखकर उनका बुरा हाल हो गया और वे फूट-फूटकर रो पड़े। इस हृदयविदारक दृश्य से अस्पताल में शोक और मातम का माहौल छा गया।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने की घातक लापरवाही को उजागर करता है, जिसने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं और प्रशासन की सख्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
